Sukesh Chandrashekhar के 200 करोड़ एक्सटॉर्शन केस में कोर्ट नहीं पहुंचीं नोरा फतेही, 6 नवंबर को फिर किया तलब; अदालत ने लगाई फटकार

Sukesh Chandrashekhar Case : सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ रुपये के मनी एक्सटॉर्शन मामले में बॉलीवुड एक्ट्रेस नोरा फतेही की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में 2 नवंबर को पेश होने के लिए उन्हें समन भेजा गया था, लेकिन वह अदालत नहीं पहुंचीं। उनकी गैरमौजूदगी पर कोर्ट ने नाराजगी जताई और नया समन जारी कर 6 नवंबर 2026 को पेश होने का आदेश दिया है। नोरा के वकील ने उन्हें बार-बार व्यक्तिगत रूप से कोर्ट में पेश होने से छूट देने की मांग की थी, जिसे अदालत ने स्वीकार नहीं किया।
समन मिलने के बाद भी कोर्ट नहीं पहुंचीं नोरा
नोरा फतेही को 22 अक्टूबर 2026 को नोटिस भेजा गया था। उन्हें 2 नवंबर को अदालत में पेश होना था, लेकिन तय तारीख पर वह नहीं पहुंचीं। सुनवाई के दौरान पुलिस की ओर से बताया गया कि एक्ट्रेस को ईमेल और व्हाट्सऐप के जरिए नोटिस भेजा गया था। इसके अलावा उन्हें फोन भी किया गया, लेकिन उनकी तरफ से कोई जवाब नहीं मिला। पुलिस ने यह भी कहा कि नोटिस मिलने के बाद नोरा अदालत में आएंगी या नहीं, इसकी जानकारी उन्हें नहीं थी।
वकील की मांग पर कोर्ट ने जताई नाराजगी
नोरा की गैरमौजूदगी पर अदालत ने उनके वकील से भी सवाल किए। वकील ने एक्ट्रेस को बार-बार व्यक्तिगत रूप से पेश होने से छूट देने की मांग रखी, लेकिन कोर्ट ने इसे खारिज कर दिया। अदालत ने नाराजगी जताते हुए कहा कि कोर्ट की प्रक्रिया को हल्के में नहीं लिया जा सकता। इसके बाद नोरा को 6 नवंबर को फिर से पेश होने के लिए समन जारी किया गया।
सुकेश चंद्रशेखर केस में गवाह हैं नोरा
यह मामला महाठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ रुपये की वसूली से संबंधित है। आरोप है कि सुकेश ने जेल में रहते हुए खुद को सरकारी अधिकारी बताकर फोर्टिस हेल्थकेयर के पूर्व प्रमोटर शिविंदर सिंह की पत्नी अदिति सिंह से उनके पति को जेल से बाहर निकलवाने के नाम पर करोड़ों रुपये वसूले थे। जांच में सामने आया कि इस रकम का इस्तेमाल महंगे गिफ्ट खरीदने और कई लोगों को देने में भी किया गया। इस मामले की तीसरी सप्लीमेंट्री चार्जशीट में नोरा फतेही का नाम गवाह के तौर पर शामिल किया गया है। मामले में जैकलीन फर्नांडिस समेत बॉलीवुड की कुछ अन्य हस्तियों के बयान भी दर्ज किए गए थे।
ED की जांच में महंगे गिफ्ट का जिक्र
प्रवर्तन निदेशालय (ED) की जांच के दौरान नोरा फतेही को सुकेश चंद्रशेखर या उसके सहयोगियों से महंगे गिफ्ट मिलने की बात सामने आई थी। इनमें लग्जरी BMW कार, महंगे बैग और ज्वेलरी जैसे तोहफों का जिक्र किया गया। पूछताछ के दौरान नोरा ने एक करोड़ रुपये से अधिक कीमत की BMW कार गिफ्ट में मिलने की बात स्वीकार की थी। अब इस मामले में सबकी नजर 6 नवंबर को होने वाली सुनवाई पर है।




