Chhattisgarh

SECL सीवीओ हिमांशु जैन ने एनटीपीसी सिपत में बताई पारदर्शी खरीद प्रक्रिया की बारीकियां

बिलासपुर, 26 सितंबर 2026। सार्वजनिक संस्थानों में खरीद प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से एसईसीएल के मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) हिमांशु जैन ने एनटीपीसी सिपत में अधिकारियों को सार्वजनिक खरीद प्रक्रिया के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी।

निवारक सतर्कता पर तीन माह के अभियान के तहत आयोजित इस जागरूकता सत्र में सार्वजनिक खरीद, अनुबंध प्रबंधन और सतर्कता उपायों पर विस्तार से चर्चा हुई।“सार्वजनिक खरीद : रूपरेखा, प्रक्रिया एवं सत्यनिष्ठा संबंधी सुरक्षा उपाय” विषय पर आयोजित सत्र में हिमांशु जैन ने खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता, नियमों के पालन और सतर्कता मानकों की भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि बेहतर खरीद व्यवस्था के लिए उचित योजना, निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन और प्रभावी निगरानी जरूरी है।सत्र के दौरान सार्वजनिक खरीद की शुरुआत से अंतिम चरण तक की प्रक्रिया, विभिन्न चयन पद्धतियों, नीतिगत प्रावधानों, अनुबंध प्रबंधन तथा खरीद प्रक्रिया में अपनाए जाने वाले सतर्कता उपायों पर जानकारी दी गई। डिजिटल माध्यमों से होने वाली खरीद प्रक्रिया, रिकॉर्ड प्रबंधन और अनुपालन व्यवस्था को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।

कार्यक्रम में एनटीपीसी सिपत के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। इनमें मुख्य महाप्रबंधक (हेड ऑफ प्रोजेक्ट) विजय शंकर दुबे, महाप्रबंधक (ओ एंड एम) सुरोजित सिन्हा, महाप्रबंधक (ऑपरेशन एवं एफएम) अशोक सरकार, महाप्रबंधक (मेंटेनेंस) लिंगम वेंकट रेड्डी, महाप्रबंधक (प्रोजेक्ट कंस्ट्रक्शन) डॉ. बैंकिम सामद्दार, एसईसीएल महाप्रबंधक (सतर्कता) संजय प्रसाद दुबे, सहायक महाप्रबंधक (सतर्कता) कुंदन राठौर तथा एनटीपीसी सिपत के वरिष्ठ प्रबंधक प्रवीण रंजन भारती सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

इस दौरान अधिकारियों ने सार्वजनिक खरीद प्रक्रिया से जुड़े व्यावहारिक पहलुओं और बेहतर कार्यप्रणाली पर चर्चा की। एसईसीएल की ओर से बताया गया कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य संस्थानों में पारदर्शी कार्य संस्कृति, नैतिक कार्यप्रणाली और जवाबदेही को बढ़ावा देना है।

Related Articles

Back to top button