SECL कुसमुंडा परियोजना में बड़ी चोरी, 40 हजार की सामग्री पार; CCTV और जरूरी दस्तावेज भी ले गए चोर

कोरबा। एसईसीएल (SECL) की कुसमुंडा परियोजना के एनके-1 साइडिंग स्थित सैंपल प्रिप्रेशन रूम और रेफरी रूम परिसर में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने 7 से 13 नवंबर के बीच अलग-अलग दिनों में परिसर को निशाना बनाते हुए करीब 40 हजार रुपये मूल्य की सामग्री चोरी कर ली। चोर अपने साथ सीसीटीवी कैमरे, विद्युत उपकरण, पंखे, फर्नीचर और अन्य जरूरी सामान भी ले गए। मामले में कुसमुंडा थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, चोरी की घटना का पता देरी से चला। एसईसीएल कुसमुंडा के वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी अखिलेश प्रताप सिंह ने इस संबंध में थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के मुताबिक, 7 नवंबर को एनके-1 कोल प्रिप्रेशन रूम से दो एल्युमिनियम सेपरेटिंग वॉल और आठ खिड़कियों के एल्युमिनियम फ्रेम चोरी किए गए। इस दौरान खिड़कियों के कांच भी तोड़ दिए गए।
इसके बाद 10 नवंबर को रेफरी रूम से आठ खिड़कियों के एल्युमिनियम फ्रेम और एक एल्युमिनियम सेपरेटिंग वॉल चोरी की गई। 11 नवंबर को चोरों ने फिर वारदात को अंजाम देते हुए तीन एल्युमिनियम सेपरेटिंग वॉल और तीन खिड़कियों के फ्रेम पार कर दिए। इस दौरान विद्युत वायरिंग और गुणवत्ता विभाग के कर्मचारियों के लिए उपलब्ध सामग्री को भी नुकसान पहुंचाया गया।
चोरी की सबसे बड़ी वारदात 12 और 13 नवंबर की दरम्यानी रात हुई। इस दौरान रेफरी रूम से विद्युत तार, दो विद्युत बोर्ड, दो फावड़े, एक लोहे का कोल क्वार्टरिंग डिवाइडर, पांच धातु की ट्रे, पांच कुर्सियां, दो सीलिंग फैन, एक वॉल फैन, दो हैलोजन बल्ब, एक सामान्य लाइट, एक धातु का रेक और एक कूलर चोरी कर लिया गया। इसके अलावा दो सीसीटीवी कैमरे और एक अलमारी भी गायब मिली।
बताया गया है कि चोरी की गई अलमारी में आधिकारिक परिवहन और निस्तारण से संबंधित अभिलेख रखे हुए थे। ऐसे में जरूरी दस्तावेजों के गायब होने से विभागीय रिकॉर्ड की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी अखिलेश प्रताप सिंह ने पुलिस से प्राथमिकी दर्ज कर विस्तृत जांच करने, चोरी में शामिल आरोपियों की पहचान करने, चोरी गई सामग्री और आधिकारिक अभिलेखों की बरामदगी करने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। कुसमुंडा TI मृत्युंजय पांडेय के अनुसार, मामले में पुलिस कार्रवाई कर रही है।




