Chhattisgarh

रायपुर में गुण्डा-बदमाशों के खिलाफ पश्चिम जोन पुलिस का बड़ा अभियान, 106 की चेकिंग, 68 की कराई गई परेड

रायपुर, 14 नवंबर। राजधानी रायपुर में अपराधों पर अंकुश लगाने और कानून व्यवस्था मजबूत करने के लिए पश्चिम जोन पुलिस ने गुण्डा एवं निगरानी बदमाशों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। दो दिनों तक चले इस अभियान में पुलिस ने 106 गुण्डा एवं निगरानी बदमाशों की सघन चेकिंग की, जबकि 68 बदमाशों की परेड कराकर उन्हें अपराध से दूर रहने की सख्त हिदायत दी गई। इसके अलावा 7 बदमाशों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई तथा 2 स्थाई और 3 गिरफ्तारी वारंट तामील किए गए।

पुलिस उपायुक्त पश्चिम जोन रॉबिन्सन गुरिया के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा की मॉनिटरिंग में यह अभियान चलाया गया। इसमें पश्चिम जोन के पुरानी बस्ती, डी.डी. नगर, आमानाका, आजाद चौक, सरस्वती नगर, कबीर नगर, न्यू राजेन्द्र नगर, टिकरापारा और मुजगहन थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों ने कार्रवाई की।

अभियान के दौरान संबंधित थाना क्षेत्रों में रहने वाले गुण्डा एवं निगरानी बदमाशों को तलब कर उनकी वर्तमान गतिविधियों, रहन-सहन और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता की जानकारी जुटाई गई। पुलिस ने उनकी परेड कराते हुए स्पष्ट चेतावनी दी कि वे किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधियों में शामिल न हों और क्षेत्र में शांति एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखें।

पुलिस ने बदमाशों को यह भी निर्देश दिया कि थाना में उपस्थित होने के लिए बुलाए जाने पर तत्काल उपस्थित हों। भविष्य में किसी भी अपराध में संलिप्त पाए जाने पर उनके विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

विशेष अभियान के दौरान लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहने वाले सक्रिय बदमाशों को चिन्हांकित कर 7 के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। वहीं, फरार वारंटियों की तलाश कर 2 स्थाई और 3 गिरफ्तारी वारंट की तामिली भी की गई।

पश्चिम जोन पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, शांति व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के विशेष चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

Related Articles

Back to top button