कोरबा के बरमपुर चौराहे पर कोयले से लोड ट्रेलर पलटा, सड़क पर फैला कोयला, लगा लंबा जाम

कोरबा, 14 नवंबर । जिले के बरमपुर चौराहे के पास शुक्रवार सुबह कोयले से लोड एक तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद ट्रेलर में भरा कोयला सड़क पर बिखर गया, जिससे मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया और कुछ देर तक जाम की स्थिति बनी रही। गनीमत रही कि हादसे के दौरान कोई व्यक्ति वाहन की चपेट में नहीं आया और एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, ट्रेलर क्रमांक CG-10-BX-7239 कुसमुंडा की ओर से कोयला लेकर कोरबा आ रहा था। इसी दौरान बरमपुर चौराहे के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रेलर सड़क पर ही पलट गया। घटना के बाद सड़क पर कोयला फैलने से दूसरे वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था संभालने के साथ दुर्घटना की जांच शुरू की। बाद में ब्रेकडाउन सर्विस की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद आवागमन सामान्य हो सका।
बरमपुर चौराहे पर पहले भी हो चुका है हादसा
गौरतलब है कि बरमपुर चौराहे के पास इससे पहले भी कोयले से लोड एक ट्रेलर पलट चुका है। पिछली घटना में चालक को चोटें आई थीं। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं के बावजूद इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। हादसों को लेकर स्थानीय रहवासियों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि दुर्घटनाओं के बाद कुछ समय तक चर्चा होती है, लेकिन भारी वाहनों की आवाजाही और उनकी गति नियंत्रित करने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए जाते।
चालक के नशे में होने की आशंका
प्राथमिक जानकारी में ट्रेलर चालक के नशे में होने की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि बरमपुर मार्ग पर दिनभर भारी वाहनों की आवाजाही रहती है। ऐसे में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना कभी भी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है।




