KORBA:बांगो-पोड़ी मार्ग की बदहाली पर ग्रामीणों का फूटा आक्रोश, कीचड़ में बैठकर किया प्रदर्शन

कोरबा,04 सितम्बर 2026। प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यटन के लिए प्रसिद्ध मिनीमाता बांगो बांध क्षेत्र इन दिनों अपनी बदहाल सड़क को लेकर चर्चा में है। बांगो से पोड़ी ब्लॉक को जोड़ने वाला मुख्य पहुंच मार्ग पिछले कई वर्षों से जर्जर स्थिति में है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और कीचड़ होने से ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लगातार बारिश के बीच शुक्रवार को ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा और सैकड़ों ग्रामीण कीचड़ से सनी सड़क पर बैठकर शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों के अनुसार बांगो-पोड़ी मार्ग क्षेत्र के पांच प्रमुख गांवों के लिए आवागमन का प्रमुख साधन है। सड़क की खराब स्थिति के कारण स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों को रोजाना परेशानी उठानी पड़ रही है। बारिश के दौरान सड़क पर कीचड़ और फिसलन बढ़ जाने से दोपहिया वाहन चालकों के साथ पैदल चलने वाले लोग भी दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क की समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन इसके स्थायी समाधान की दिशा में ठोस पहल नहीं की गई।

ग्रामीणों ने बताया कि सड़क निर्माण और मरम्मत की मांग को लेकर पूर्व में जल संसाधन विभाग (इरिगेशन ऑफिस) का घेराव कर ज्ञापन भी सौंपा गया था। इसके बाद प्रशासन की ओर से सड़क के गड्ढों में मिट्टी डलवाई गई, लेकिन इससे समस्या का समाधान नहीं हुआ। बारिश के बाद यही मिट्टी कीचड़ और दलदल में बदल गई, जिससे सड़क की स्थिति पहले से भी ज्यादा खराब हो गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग से स्कूली बच्चे प्रतिदिन आवागमन करते हैं। सड़क की खराब स्थिति के कारण उन्हें दुर्घटना का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल सड़क की मरम्मत कराने के साथ ही स्थायी रूप से पक्की सड़क निर्माण की मांग की है।
प्रदर्शन के दौरान मौके से गुजर रहे जनपद सदस्य आयुष सिंह ग्रामीणों के बीच पहुंचे और उनसे चर्चा की। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उन्हें समझाइश देकर तत्काल मामला शांत कराया। आयुष सिंह ने ग्रामीणों के आक्रोश को जायज बताते हुए कहा कि सड़क की समस्या का स्थायी समाधान जरूरी है।

उन्होंने कहा कि जल्द ही शासन-प्रशासन को सड़क की बदहाली को लेकर ज्ञापन सौंपा जाएगा और पक्की सड़क निर्माण की मांग रखी जाएगी। आयुष सिंह ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने शीघ्र सड़क निर्माण की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाया, तो ग्रामीणों के साथ मिलकर बड़ा चक्काजाम आंदोलन किया जाएगा।




