Chhattisgarh

Korba News: पत्नी से विवाद के बाद 11 केवी लाइन की चपेट में आने से मजदूर की मौत, पुलिस सभी पहलुओं की कर रही जांच

कोरबा, 26 जुलाई। मानिकपुर थाना क्षेत्र के डिपरापारा में 40 वर्षीय एक मजदूर की 11 केवी हाई-टेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना से पहले पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद मृतक के बिजली के खंभे पर चढ़ने की बात सामने आई है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान लवकुश (40) के रूप में हुई है, जो मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। बताया गया कि वह घर के बाहर स्थित बिजली के खंभे पर चढ़ गया और 11 केवी लाइन की चपेट में आने से नीचे गिर पड़ा। करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के समय उसकी पत्नी बिंदा साहू घर पर मौजूद थीं। प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच विवाद होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है और सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

मानिकपुर थाना प्रभारी परमेश्वर राठौर ने बताया कि “डिपरापारा में एक व्यक्ति की करंट लगने से मौत हुई है। प्रारंभिक जांच में घटना से पहले पति-पत्नी के बीच विवाद होने की जानकारी मिली है। मृतक के बिजली के खंभे पर चढ़ने की बात सामने आई है। फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। आत्महत्या या दुर्घटना, दोनों पहलुओं पर जांच जारी है।”

पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। मामले की जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Related Articles

Back to top button