CG BREAKING: कारोबारी के ठिकानों पर ED और IT की संयुक्त कार्रवाई, देर रात से दस्तावेजों की जांच जारी

बलौदा बाजार,26 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में शनिवार देर रात प्रवर्तन निदेशालय (ED) और आयकर विभाग (IT) की संयुक्त कार्रवाई से कारोबारी जगत में हलचल मच गई। दोनों एजेंसियों की टीम ने पीतल उद्योग से जुड़े कारोबारी राजकुमार सराफ के आवास और अन्य ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। कार्रवाई देर रात शुरू हुई, जो रविवार सुबह तक जारी रही। सूत्रों के मुताबिक, जांच एजेंसियों की टीमें कारोबारी से जुड़े दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड की गहन पड़ताल कर रही हैं। हालांकि, अब तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि किस मामले या किस इनपुट के आधार पर यह कार्रवाई की गई है।
जानकारी के मुताबिक राजकुमार सराफ जिले के प्रमुख कारोबारियों में गिने जाते हैं और पीतल उद्योग से जुड़े हैं। उनके ठिकानों पर ED और आयकर विभाग की एक साथ हुई कार्रवाई के बाद जिले के व्यापारिक वर्ग में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। ED और आयकर विभाग की ओर से अभी तक इस कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है। जांच एजेंसियां दस्तावेजों की जांच और आवश्यक पूछताछ में जुटी हैं। जांच पूरी होने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि कार्रवाई का आधार क्या है और मामले में आगे क्या कदम उठाए जाएंगे। फिलहाल एजेंसियों की कार्रवाई जारी है।




