Korba Crime News: दर्री में 12 वर्षीय नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म की कोशिश, आरोपी युवक फरार

कोरबा-दर्री। Korba Crime News: कोरबा जिले के दर्री थाना क्षेत्र में 12 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव का ही परिचित युवक टीवी ठीक कराने के बहाने छात्रा को अपने साथ ले गया और लौटते समय उसे सुनसान जंगल के रास्ते पर ले जाकर जबरदस्ती करने का प्रयास किया। छात्रा ने आरोपी की मंशा भांपकर विरोध किया और किसी तरह वहां से भागकर अपने घर पहुंची। घटना के बाद आरोपी युवक फरार हो गया है। पुलिस ने मामले में शिकायत के आधार पर कार्रवाई शुरू कर आरोपी की तलाश तेज कर दी है।
जानकारी के अनुसार, दर्री थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली 12 वर्षीय छात्रा के दादा का टीवी खराब हो गया था। उन्होंने गांव में टीवी बनाने का काम करने वाले युवक नंदू को बुलाने के लिए छात्रा को भेजा। छात्रा के बुलाने पर युवक मंगलवार शाम करीब 6 बजे उसके दादा के घर पहुंचा। टीवी देखने के बाद उसने बताया कि इसे पास के पुनर्वास ग्राम में रहने वाले मैकेनिक के पास ले जाना होगा।
बताया गया कि युवक ने छात्रा को अपने साथ चलने के लिए तैयार किया और दोनों टीवी लेकर पैदल पुनर्वास ग्राम पहुंचे। वहां टीवी मैकेनिक के पास टीवी छोड़ने के बाद दोनों वापस गांव लौटने लगे। इसी दौरान आरोपी युवक ने छात्रा को दूसरे रास्ते से चलने के लिए कहा। जल्दी गांव पहुंचने की बात कहकर वह उसे पगडंडी के रास्ते जंगल की ओर ले गया।
आरोप है कि शाम करीब 7 बजे सुनसान जंगल मार्ग में युवक ने छात्रा के साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया। छात्रा ने उसकी मंशा को समझते हुए विरोध किया और किसी तरह वहां से भाग निकली। घर पहुंचकर उसने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपी युवक को पकड़ लिया। उसे उसके घर के एक कमरे में बंद कर बाहर से सिटकनी लगा दी गई थी। हालांकि, रात के दौरान आरोपी युवक कमरे से निकलकर फरार हो गया। इसके बाद बुधवार सुबह परिजन दर्री थाना पहुंचे और घटना की शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीम जुटी हुई है। घटना के बाद गांव में आरोपी युवक के खिलाफ आक्रोश का माहौल बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच और नाबालिग के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




