धमतरी में स्कूटी से अवैध शराब का परिवहन करते आरोपी गिरफ्तार, 30 पौवा देशी मसाला शराब जब्त

धमतरी, 07 अक्टूबर। जिले में अवैध शराब के क्रय-विक्रय और परिवहन के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में सिटी कोतवाली पुलिस ने स्कूटी से अवैध देशी शराब का परिवहन करते एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 30 पौवा देशी मसाला शराब और स्कूटी समेत कुल 83,300 रुपये का मशरूका जब्त किया है।
सिटी कोतवाली पुलिस को मुखबिर से अवैध शराब परिवहन की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने लाल बगीचा दुकान चौक के पास चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान स्कूटी सवार एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पास से 30 पौवा देशी मसाला शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत 3,300 रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी की पहचान दुजराम यादव (50), पिता सुरेश यादव, निवासी लाल बगीचा वार्ड, धमतरी के रूप में की है। शराब परिवहन में इस्तेमाल की जा रही स्कूटी की कीमत करीब 80 हजार रुपये आंकी गई है। इस तरह पुलिस ने शराब और वाहन समेत कुल 83,300 रुपये का सामान जब्त किया।
मामले में सिटी कोतवाली धमतरी पुलिस ने अपराध क्रमांक 246/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट में अपराध दर्ज किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
धमतरी पुलिस के अनुसार जिले में अवैध शराब के कारोबार और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।




