Chhattisgarh

KORBA : सरस्वती शिशु मंदिर में ट्रैफिक जागरूकता कार्यक्रम, 750 छात्रों को यातायात नियमों की दी गई जानकारी

कोरबा । सरस्वती शिशु मंदिर में शनिवार को यातायात जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों और सुरक्षित वाहन संचालन के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी।

कार्यक्रम में लगभग 750 विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए पुलिस टीम ने बताया कि सड़क पर चलते समय नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है। हेलमेट पहनना, सीट बेल्ट लगाना, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करना और निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाना जैसे नियमों के बारे में छात्रों को जागरूक किया गया।

इस अवसर पर डीएसपी ज्योत्सना चौधरी ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जागरूकता और सावधानी से सड़क दुर्घटनाओं को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने छात्रों से अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने का आग्रह किया।

कार्यक्रम में एएसआई मनोज राठौर, हेड कांस्टेबल पवन सिंह, अजय तिर्की, कांस्टेबल राकेश साहू और संजय लहरे सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। विद्यालय के प्राचार्य पांडेय जी और प्राचार्य मिश्रा जी ने भी कार्यक्रम में सहयोग किया।

पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को यातायात संकेतों, सड़क पार करने के सही तरीके और वाहन चलाते समय बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी। छात्रों ने भी उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में भाग लिया और यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों के माध्यम से समाज में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और दुर्घटनाओं में कमी लाना रहा।

Related Articles

Back to top button