KORBA: मंदिर की दीवार में छिपा बैठा था 8 फीट का विशाल अजगर, दो घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन, दीवार तोड़कर निकाला बाहर

0 हरदीबाजार में वन्यजीव रेस्क्यू टीम की सूझबूझ से बची अजगर की जान, सुरक्षित जंगल में छोड़ा गया
कोरबा, 14 नवंबर। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के हरदीबाजार क्षेत्र में एक घर के आंगन में बने मंदिर की दीवार के भीतर 8 फीट लंबा विशाल अजगर छिपकर बैठा मिला। अजगर को देखकर परिवार के लोगों में हड़कंप मच गया। दीवार के अंदर ऐसी जगह पर अजगर मौजूद था, जहां से उसे बाहर निकालना काफी मुश्किल हो रहा था। परिवार के सदस्यों ने अपने स्तर पर उसे निकालने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर वन्यजीव रेस्क्यू टीम से संपर्क किया।
परिवार ने तत्काल वन्यजीव रेस्क्यू प्रमुख जितेंद्र सारथी को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही उन्होंने हरदीबाजार क्षेत्र में अपनी टीम के सदस्य राकेश मानिकपुरी को मौके पर भेजा। घटनास्थल पर पहुंचकर राकेश मानिकपुरी ने स्थिति का जायजा लिया। अजगर दीवार के भीतर छिपा हुआ था, ऐसे में उसे बिना नुकसान पहुंचाए सुरक्षित बाहर निकालना टीम के लिए बड़ी चुनौती थी।
दीवार तोड़कर दो घंटे में किया सुरक्षित रेस्क्यू
अजगर को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी। आखिरकार दीवार के कुछ हिस्से को तोड़कर उसे बाहर निकालने का रास्ता बनाया गया। करीब दो घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद टीम ने 8 फीट लंबे अजगर को सफलतापूर्वक सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद अजगर को उसके प्राकृतिक रहवास जंगल में छोड़ दिया गया।
अजगर के सुरक्षित रेस्क्यू होने के बाद परिवार के लोगों ने राहत की सांस ली। परिवार के सदस्यों ने जितेंद्र सारथी और उनकी पूरी टीम का आभार जताते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।
वन्यजीव दिखने पर खुद रेस्क्यू करने की कोशिश न करें
जितेंद्र सारथी ने आम लोगों से अपील की है कि घर या आसपास सांप अथवा अन्य वन्यजीव दिखाई देने पर घबराएं नहीं। उन्हें खुद पकड़ने या नुकसान पहुंचाने का प्रयास भी न करें। ऐसी स्थिति में तत्काल प्रशिक्षित एवं अधिकृत रेस्क्यू टीम को सूचना दें, ताकि वन्यजीवों को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू कर उनके प्राकृतिक आवास में छोड़ा जा सके।




