Entertainment

सुनील शेट्टी की फिल्म ‘नन्हे दिल’ का ट्रेलर रिलीज, 20 नवंबर को सिनेमाघरों में होगी प्रदर्शित

0 अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल्स में बटोर चुकी है सराहना, समानता और समावेशिता का संदेश देती है फिल्म

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता सुनील शेट्टी की आगामी फिल्म ‘नन्हे दिल’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है। बचपन, समानता और सपनों को पूरा करने की आजादी पर आधारित यह फिल्म अपनी भावनात्मक कहानी के जरिए दर्शकों को एक महत्वपूर्ण सामाजिक संदेश देने जा रही है। अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल्स में सराहना हासिल कर चुकी यह फिल्म 20 नवंबर 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

श्रीनाथजी हॉस्पिटैलिटी और नाइनफोल्ड पिक्चर्स द्वारा प्रस्तुत तथा नवरस एंटरटेनमेंट के बैनर तले निर्मित इस फिल्म का निर्देशन स्वरूपराज मेदारा ने किया है। फिल्म का निर्माण सौम्य जैन, श्रिया टोर्णे, ध्रुव करुणाकर और ऐश्वर्या यादव ने किया है। वहीं, साईविन क्वाड्रास क्रिएटिव प्रोड्यूसर और स्क्रीनप्ले राइटर के रूप में जुड़े हैं। विशाल कपूर ने भी पटकथा और संवाद लेखन में योगदान दिया है।

फिल्म की कहानी एक होनहार बच्चे रघु के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसके पिता धोबी का काम करते हैं। सुनील शेट्टी फिल्म में एक प्रतिष्ठित स्कूल के प्रिंसिपल की भूमिका निभा रहे हैं। वे रघु की प्रतिभा को पहचानते हुए उसे संपन्न परिवारों के बच्चों के साथ पढ़ने का अवसर देते हैं। उनका मानना है कि प्रतिभा किसी की सामाजिक या आर्थिक स्थिति की मोहताज नहीं होती। फिल्म इसी सोच के माध्यम से हर बच्चे को समान अवसर देने और उसकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने का संदेश देती है।

फिल्म को लेकर सुनील शेट्टी ने कहा कि ‘नन्हे दिल’ सभी बच्चों को समान अवसर देने और उन्हें सहज महसूस कराने की खूबसूरत कहानी है। आज की पीढ़ी समानता में विश्वास रखती है और हर बच्चे को अपने सपने पूरे करने की आजादी मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि उन्होंने इस फिल्म को इसलिए चुना, क्योंकि यह एक सरल लेकिन जरूरी कहानी है, जिसे दर्शकों तक पहुंचाना बेहद महत्वपूर्ण है।

37 दिनों में शूट हुई इस फिल्म का अंतरराष्ट्रीय शीर्षक ‘फ्लाई हाई लिटिल हार्ट्स’ रखा गया है। फिल्म की स्क्रीनिंग टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में भी की जा चुकी है। अंतरराष्ट्रीय मंचों पर मिली सराहना के बाद अब फिल्म भारतीय दर्शकों के सामने आने के लिए तैयार है।

भावनात्मक और प्रेरणादायक विषय पर आधारित ‘नन्हे दिल’ बच्चों के सपनों, समानता और समावेशिता की अहमियत को पर्दे पर प्रस्तुत करेगी। फिल्म 20 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Related Articles

Back to top button