Chhattisgarh

Korba ब्रेकिंग: कोहड़िया नाले के पास युवक की हत्या, रक्तरंजित शव मिलने से सनसनी

कोरबा। जिले के सीएसईबी चौकी क्षेत्र अंतर्गत बरपारा-कोहड़िया इलाके में रविवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब सड़क किनारे स्थित एक नर्सरी के भीतर युवक की रक्तरंजित लाश मिली। शव के आसपास कई जगह खून फैला हुआ था, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

मृतक की पहचान बसंत पटेल (37 वर्ष) निवासी सोनसरी, पामगढ़ के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह सर्वमंगला चौकी क्षेत्र में किराए के मकान में रहकर एक इंडस्ट्री में काम करता था। मृतक शादीशुदा था और उसके दो बच्चे हैं।

स्थानीय लोगों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद सीएसईबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले भी मौके पर पहुंचे। उनके साथ फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई की।

प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का माना जा रहा है। पुलिस को आशंका है कि युवक की हत्या धारदार हथियार से की गई है। घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए संभावना जताई जा रही है कि हत्या नर्सरी परिसर में ही की गई होगी।

पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। वहीं आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए हैं। फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड की सहायता से जांच की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button