KORBA : दीपका ऑटो स्टैंड में धूमधाम से मनाई गई भगवान विश्वकर्मा जयंती…

कोरबा,18 सितंबर। कोरबा जिले के दीपका नगर स्थित नगर पालिका ऑटो स्टैंड में भगवान विश्वकर्मा जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर ऑटो संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने विधि-विधान से भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में कटघोरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रेमचंद पटेल विशेष रूप से शामिल हुए और भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना कर सभी को विश्वकर्मा जयंती की शुभकामनाएं दीं।
विश्वकर्मा पूजा को लेकर दीपका ऑटो स्टैंड को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। सुबह से ही ऑटो चालक एवं संघ के सदस्य पूजा की तैयारियों में जुटे रहे। निर्धारित समय पर पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया, जिसमें ऑटो संघ से जुड़े सदस्यों ने सामूहिक रूप से भाग लिया। पूजा के दौरान भगवान विश्वकर्मा से ऑटो चालकों और उनके परिवारों की सुख-समृद्धि तथा सुरक्षित एवं सफल जीवन की प्रार्थना की गई।
पूजा कार्यक्रम के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन में ऑटो संघ के अध्यक्ष नारायण केवट, उपाध्यक्ष रमेश शर्मा, सचिव कमलेश यादव और कोषाध्यक्ष देवेंद्र धरवाड़ देव सहित दीपका क्षेत्र के बड़ी संख्या में ऑटो चालक एवं संघ के सदस्य उपस्थित रहे।
ऑटो संघ के सदस्यों ने बताया कि भगवान विश्वकर्मा को निर्माण, शिल्प और तकनीकी कार्यों का देवता माना जाता है। इसी आस्था के साथ प्रत्येक वर्ष ऑटो स्टैंड में विश्वकर्मा जयंती का आयोजन किया जाता है। इस अवसर पर संघ के सदस्यों ने आपसी एकजुटता और भाईचारे के साथ पूजा कार्यक्रम को सफल बनाया। विधायक प्रेमचंद पटेल की मौजूदगी से कार्यक्रम में उत्साह और बढ़ गया। आयोजन के दौरान उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को विश्वकर्मा जयंती की बधाई दी और सामाजिक सौहार्द एवं आपसी सहयोग की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया।




