Chhattisgarh

Janjgir Champa: नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में आरोपी गिरफ्तार, 16 घंटे में पुलिस ने किया सुरक्षित बरामद

जांजगीर-चांपा। जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर भगाकर ले जाने और उसके साथ अनाचार करने के मामले में अकलतरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना की सूचना मिलने के करीब 16 घंटे के भीतर नाबालिग बालिका को सुरक्षित बरामद कर लिया। मामले में आरोपी मोहम्मद सहीम (35 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, 8 सितंबर 2026 को नाबालिग बालिका के अपहरण की शिकायत थाना अकलतरा में दर्ज कराई गई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने धारा 137(2), 87 और 64(2) बीएनएस तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 और 6 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय IPS के निर्देशन में पुलिस टीम को बालिका की तलाश और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सक्रिय किया गया। विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से महत्वपूर्ण सूचना मिली, जिसके आधार पर टीम ने घेराबंदी कर आरोपी मोहम्मद सहीम को पकड़ लिया और उसके कब्जे से नाबालिग बालिका को सुरक्षित बरामद कर लिया।

पुलिस पूछताछ और पीड़िता के कथन के आधार पर आरोपी द्वारा नाबालिग के साथ अनाचार किए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में निरीक्षक जय साहू, थाना प्रभारी अकलतरा, प्रशिक्षु उप निरीक्षक दिव्या कुर्रे, उप निरीक्षक के.डी. बनर्जी, प्रधान आरक्षक वेंकट रमन सहित थाना अकलतरा के पुलिस स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।

Related Articles

Back to top button