Sports

IND vs AUS: बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी से पहले BCCI के सामने बड़ी टेंशन, वेन्यू में होगा बदलाव!

नई दिल्ली,18 सितंबर : भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 21 जनवरी से 3 मार्च 2027 के दौरान खेली जाने वाली प्रतिष्ठित बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के प्रपोस्ड शेड्यूल में बड़ा फेरबदल देखने को मिल सकता है. पांच टेस्ट मैचों की इस अहम सीरीज के चौथे मुकाबले की मेजबानी रांची के जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम से छीनी जा सकती है. रिपोर्ट्स के मुताबिक भारतीय टीम मैनजमेंट ने यह चिंता जताई है कि जनवरी-फरवरी के महीनों में देश के पूर्वी हिस्से में सूरज जल्दी ढलने की वजह से रोशनी की भारी कमी हो जाती है. ऐसे में हर दिन पूरे 90 ओवर का खेल करा पाना बड़ी चुनौती साबित हो सकता है.

खराब रोशनी, ठंड और पिच की दिक्कत
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के फाइनल के समीकरणों के लिहाज से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यह टेस्ट सीरीज भारतीय टीम के लिए काफी अहम है. लेकिन पूर्वी भारत में स्थित रांची में फरवरी के तीसरे हफ्ते (19-23 फरवरी) के दौरान शाम 4:30 से 5:00 बजे के बीच ही अंधेरा छाने लगता है. इससे न सिर्फ खेल के समय में कटौती होगी, बल्कि मैच बेनतीजा रहने का जोखिम भी बढ़ जाता है.

टीम मैनेजमेंट का मानना है कि ज्यादा ठंड के कारण पिच भी भारतीय स्पिन रणनीति के अनुकूल नहीं बन पाएगी. ऐसे में मैनेजमेंट ने सिफारिश की है कि मैच को ऐसे वेन्यू पर शिफ्ट किया जाए जहां दिन के उजाले की कोई समस्या न हो. इसके लिए विशाखापत्तनम, हैदराबाद या राजकोट को प्रबल दावेदार माना जा रहा है. वहीं, सीरीज का तीसरा टेस्ट असम के गुवाहाटी में 11 से 15 फरवरी के बीच रखा गया है. गुवाहाटी भी पूर्वोत्तर क्षेत्र में स्थित है, लेकिन इस वेन्यू की मेजबानी बरकरार रहने की पूरी संभावना है. हालांकि, गुवाहाटी टेस्ट के शुरू होने के समय में बदलाव किया जा सकता है और मैच समय से लगभग 30 मिनट पहले शुरू कराया जा सकता है.

बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2027: प्रपोस्ड शेड्यूल
पहला टेस्ट (2125 जनवरी): वीसीए स्टेडियम, नागपुर
दूसरा टेस्ट (29 जनवरी2 फरवरी): एमए चिदंबरम स्टेडियम, चेन्नई
तीसरा टेस्ट (1115 फरवरी): एसीए स्टेडियम, गुवाहाटी (समय में बदलाव संभव)
चौथा टेस्ट (1923 फरवरी): जेएससीए स्टेडियम, रांची (वेन्यू बदलना लगभग तय)
पांचवां टेस्ट (27 फरवरी3 मार्च): नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद

Related Articles

Back to top button