शक्तिनगर शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में लगी आग, CISF की तत्परता से टला बड़ा हादसा

कोरबा, 22 मार्च 2026।
जिले के शक्तिनगर स्थित शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में रविवार दोपहर करीब 12 बजे एक इलेक्ट्रॉनिक सामान की मरम्मत करने वाली दुकान में अचानक आग लग गई, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के बाद आसपास के दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों में दहशत फैल गई।

सूचना मिलते ही CISF ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सहायक कमांडेंट सुमन सिंह के नेतृत्व में बल के जवानों को तत्काल मौके पर रवाना किया। घटनास्थल पर पहुंचकर टीम ने स्थिति का जायजा लिया और बिना देर किए राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया।
उपलब्ध संसाधनों का उपयोग करते हुए CISF जवानों ने बाल्टियों के माध्यम से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। साथ ही एहतियात के तौर पर आसपास की दुकानों को खाली कराया गया और आग को फैलने से रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए।
जवानों की सूझबूझ, साहस और तत्परता के चलते आग को सीमित दायरे में नियंत्रित कर लिया गया और कुछ ही समय में पूरी तरह बुझा दिया गया। समय रहते की गई इस कार्रवाई से शॉपिंग कॉम्प्लेक्स की अन्य दुकानों को सुरक्षित बचा लिया गया।
इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जिससे सभी ने राहत की सांस ली। घटना के बाद स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने CISF के इस सराहनीय कार्य की जमकर प्रशंसा की।
CISF की यह कार्रवाई उसकी कर्तव्यनिष्ठा, सतर्कता और आपदा प्रबंधन क्षमता का उत्कृष्ट उदाहरण मानी जा रही है। बल ने एक बार फिर साबित किया कि वह औद्योगिक एवं महत्वपूर्ण परिसंपत्तियों की सुरक्षा के साथ-साथ आपात स्थिति में त्वरित सहायता प्रदान करने के लिए सदैव तैयार है।




