Chhattisgarh

कुसमुंडा हादसे के बाद भड़का आक्रोश, इरकॉन अधिकारियों और ठेकेदार पर कार्रवाई की मांग

कोरबा, 05 नवंबर 2026। कुसमुंडा क्षेत्र के गेवरा-टीपर मार्ग पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है। हादसे के लिए निर्माण कार्य में कथित लापरवाही और यातायात की समुचित व्यवस्था नहीं होने को जिम्मेदार ठहराते हुए क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने कुसमुंडा TI को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।

अमरजीत सिंह के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि कुचेना अंडरब्रिज का निर्माण इरकॉन कंपनी द्वारा कराया गया है, लेकिन इसकी संरचना संकरी और घुमावदार होने के कारण आवागमन में लगातार परेशानी हो रही है। पहली बारिश के दौरान अंडरब्रिज में जलभराव हुआ और सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए। इसके बाद मरम्मत के नाम पर 2 नवंबर की शाम बिना पूर्व सूचना के मार्ग बंद कर दिया गया। इससे दोपहिया और छोटे वाहनों को भारी वाहनों की आवाजाही वाले गेवरा-टीपर मार्ग से गुजरना पड़ा।

ज्ञापन में बताया गया कि 3 नवंबर को ग्रामीणों ने इरकॉन के अधिकारी आदित्य रघुवंशी एवं संबंधित ठेकेदार से मुलाकात कर दोपहिया वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराने की मांग की थी। इसके बावजूद कोई व्यवस्था नहीं की गई। अगले दिन 4 नवंबर को हुए हादसे में संजय कंवर और सीमा पटेल की मौत हो गई।

ज्ञापन के माध्यम से इरकॉन के संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने, मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने तथा तत्काल वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराने की मांग की गई है। इसके अलावा अंडरब्रिज के समानांतर दूसरे अंडरब्रिज का निर्माण, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, जल निकासी के लिए नाली, घुमावदार मोड़ पर सुरक्षा दर्पण और लक्ष्मण नाला बायपास मार्ग पर स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग भी रखी गई है।

जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन को 15 दिनों का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं होने पर क्षेत्रवासी रेल परिवहन ठप करने के लिए आंदोलन करेंगे।

Related Articles

Back to top button