Chhattisgarh

बलौदाबाजार में जुआरियों के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 29 आरोपी गिरफ्तार, 16,690 रुपये नकद जब्त

  • बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में अवैध जुआ के खिलाफ पुलिस का सघन अभियान, पांच थाना क्षेत्रों में दी गई दबिश

बलौदाबाजार, 05 नवंबर 2026। जिले में अवैध जुआ और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने व्यापक अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 4 नवंबर 2026 को जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में ताबड़तोड़ दबिश देकर जुआ खेलते हुए 29 आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से कुल 16,690 रुपये नकद और ताश की 52 पत्तियां जब्त की गई हैं।

SP गौरव राय (IPS) के निर्देश पर अवैध जुआ, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत यह अभियान चलाया गया। कार्रवाई में सिटी कोतवाली, सिमगा, गिधौरी, लवन और गिधपुरी थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमें शामिल रहीं।

सिटी कोतवाली पुलिस ने ग्राम लटूवा में दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 5,000 रुपये नकद जब्त किए गए। वहीं, सिमगा पुलिस ने महामाया चौक के पास शंकर नगर में दबिश देकर काटपत्ती जुआ खेल रहे पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनके पास से 4,750 रुपये और ताश की पत्तियां बरामद की गईं।

इसी तरह गिधौरी पुलिस ने ग्राम मोहतरा में दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 1,930 रुपये और ताश की पत्तियां जब्त की गईं। ग्राम खपरीडीह में भी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर 1,070 रुपये और ताश की पत्तियां जब्त की गईं।

लवन थाना क्षेत्र के ग्राम सरखोर में पुलिस ने एक खाली दुकान के अंदर जुआ खेलने की सुविधा उपलब्ध कराने और नाल की राशि वसूलने के मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 2,380 रुपये नकद और ताश की पत्तियां जब्त की गईं।

वहीं, गिधपुरी पुलिस ने भी जुआ के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनके पास से 1,560 रुपये नकद और ताश की पत्तियां बरामद की गईं।

पुलिस के अनुसार, सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) एवं अन्य सुसंगत धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

SP गौरव राय के निर्देशन में जिले में अवैध जुआ और सट्टा गतिविधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button