Chhattisgarh

CG NEWS: 108 एंबुलेंस में गूंजी जुड़वां बच्चों की किलकारी, ईएमटी ने रास्ते में कराया सुरक्षित प्रसव

बेमेतरा, 04 नवंबर 2026 । छत्तीसगढ़ की 108 एंबुलेंस सेवा एक बार फिर जीवनरक्षक साबित हुई है। बेमेतरा से रायपुर के मेकाहारा अस्पताल रेफर की गई गर्भवती महिला का रास्ते में ही एंबुलेंस के भीतर सुरक्षित प्रसव कराया गया। महिला ने जुड़वां बच्चों को जन्म दिया। ईएमटी की सूझबूझ और तत्परता से जच्चा और दोनों नवजात सुरक्षित हैं।

जानकारी के अनुसार, ग्राम खमरिया निवासी 28 वर्षीय मोहनी साहू, पति गोवर्धन साहू अपनी पहली गर्भावस्था में थीं। प्रसव पीड़ा और चिकित्सकीय जटिलताओं के चलते उन्हें जिला अस्पताल बेमेतरा से बेहतर उपचार के लिए रायपुर के मेकाहारा अस्पताल रेफर किया गया था। महिला छह माह की गर्भवती थीं और उनके गर्भ में जुड़वां बच्चे थे।

शाम 5:08 बजे 108 एंबुलेंस सेवा के टैबलेट पर केस असाइन होते ही पायलट रमजान अली और ईएमटी कलावती तत्काल जिला अस्पताल पहुंचे और महिला को एंबुलेंस में शिफ्ट कर रायपुर के लिए रवाना हुए।

रास्ते में महिला की प्रसव पीड़ा अचानक बढ़ गई। साथ मौजूद मितानिन ने बताया कि नवजात शिशु का सिर दिखाई देने लगा है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ईएमटी कलावती ने पायलट को एंबुलेंस सुरक्षित स्थान पर रोकने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने अपनी कुशलता और तत्परता से एंबुलेंस के भीतर ही प्रसव कराया। कुछ ही देर में एंबुलेंस में जुड़वां बच्चों की किलकारी गूंज उठी।

प्रसव के बाद ईएमटी और पायलट ने आवश्यक सावधानियां बरतते हुए मां और दोनों नवजातों को जिला अस्पताल बेमेतरा पहुंचाया, जहां तीनों को चिकित्सकीय निगरानी में भर्ती कराया गया। फिलहाल मां और दोनों बच्चे स्वस्थ बताए जा रहे हैं।

इस सराहनीय कार्य के लिए स्थानीय लोगों ने 108 एंबुलेंस की ईएमटी कलावती और पायलट रमजान अली की प्रशंसा की है। उनकी तत्परता और सूझबूझ ने आपात स्थिति में स्वास्थ्य सेवाओं की अहमियत को एक बार फिर साबित किया है।

Related Articles

Back to top button