अंगदान करने वाले परिवारों को मिलेगा ‘जीवनदाता परिवार सम्मान 2026’, 28 नवंबर को होगा आयोजन

इंदौर, 04 नवंबर 2026। किसी अपने को खोने का दर्द असहनीय होता है, लेकिन दुख की इसी घड़ी में लिया गया अंगदान का निर्णय किसी दूसरे व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है। ऐसे ही मानवता और सेवा भावना के कार्यों को सम्मानित करने के उद्देश्य से 2030 का भारत द्वारा 28 नवंबर को ‘जीवनदाता परिवार सम्मान 2026’ का आयोजन किया जाएगा।
इस सम्मान समारोह में उन परिवारों को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने अपने प्रियजन के निधन के बाद अंग या टिश्यू दान करने का निर्णय लिया। इसके अलावा अंगदान के प्रति समाज में जागरूकता फैलाने वाले व्यक्तियों और अंगदान एवं प्रत्यारोपण की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले डॉक्टरों, सर्जनों तथा स्वास्थ्यकर्मियों को भी सम्मान प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम में तीन श्रेणियों में सम्मान दिए जाएंगे। पहली श्रेणी ‘जीवनदाता परिवार सम्मान’ उन परिवारों के लिए होगी, जिन्होंने अपने प्रियजन के निधन के बाद अंग या टिश्यू दान की सहमति दी। दूसरी श्रेणी ‘जीवन प्रेरणा सम्मान’ के तहत अंगदान के प्रति जागरूकता फैलाने और लोगों को इस नेक कार्य के लिए प्रेरित करने वाले व्यक्तियों एवं परिवारों को सम्मानित किया जाएगा। वहीं तीसरी श्रेणी ‘जीवन सारथी सम्मान’ के माध्यम से अंगदान और अंग प्रत्यारोपण में योगदान देने वाले डॉक्टरों, सर्जनों, ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेटर्स, काउंसलर्स और स्वास्थ्यकर्मियों को सम्मान मिलेगा।
2030 का भारत के संस्थापक डॉ. अतुल मलिकराम ने कहा कि किसी अपने को खोने के बाद भी दूसरों की जिंदगी बचाने का निर्णय लेने वाले परिवार मानवता की सबसे बड़ी मिसाल हैं। इस आयोजन का उद्देश्य उनके साहस, संवेदनशीलता और त्याग को समाज के सामने लाना है, ताकि अंगदान को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़े और इस विषय पर हर घर में सकारात्मक चर्चा हो।
संस्था के अनुसार, आज भी समाज में अंगदान को लेकर कई भ्रांतियां और जानकारी का अभाव है। ऐसे में लोगों तक सही जानकारी पहुंचाना और अंगदान के प्रति सकारात्मक माहौल तैयार करना जरूरी है। ‘जीवनदाता परिवार सम्मान 2026’ इसी दिशा में एक पहल है, जिसके माध्यम से अंगदान करने वाले परिवारों की प्रेरणादायक कहानियों को सामने लाने के साथ चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े सेवाभावी लोगों के योगदान को भी पहचान दी जाएगी।




