राष्ट्रीय लोक अदालत में नाड़ीवैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने दी आयुर्वेद चिकित्सा सेवाएं

बिलासपुर। जिला न्यायालय परिसर बिलासपुर में शनिवार 12 सितंबर 2026 को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत के अवसर पर विशेष आयुर्वेद चिकित्सा परामर्श एवं उपचार शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध नाड़ीवैद्य चिकित्सक डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने अपनी चिकित्सकीय सेवाएं प्रदान कीं।
शिविर के दौरान डॉ. शर्मा ने नाड़ी परीक्षण के माध्यम से लोगों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का परीक्षण किया और आवश्यक आयुर्वेदिक चिकित्सा परामर्श दिया। उन्होंने लोगों को उनकी शारीरिक प्रकृति के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए प्रकृति के अनुरूप आहार और दिनचर्या अपनाने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि व्यक्ति अपनी प्रकृति के अनुसार खान-पान और जीवनशैली में आवश्यक बदलाव करके कई स्वास्थ्य समस्याओं से बचाव करते हुए स्वस्थ जीवन जी सकता है।
डॉ. शर्मा ने शिविर में पहुंचे लोगों को आयुर्वेद की उपयोगिता और स्वस्थ जीवनशैली के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी। नाड़ी परीक्षण के माध्यम से स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्राप्त करने को लेकर लोगों में विशेष रुचि देखने को मिली।
इस विशेष आयुर्वेद चिकित्सा परामर्श एवं उपचार शिविर में नाड़ीवैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा के साथ अश्विनी बुनकर, नेत्र नंदन साहू एवं कुश गुप्ता ने भी विशेष रूप से उपस्थित होकर महत्वपूर्ण योगदान दिया। शिविर के माध्यम से राष्ट्रीय लोक अदालत में पहुंचे लोगों को न्यायिक प्रक्रिया के साथ स्वास्थ्य संबंधी परामर्श और आयुर्वेद चिकित्सा की जानकारी भी प्राप्त हुई।




