Chhattisgarh

CG BREAKING : अवैध कबाड़ दुकान पर पुलिस की रेड, 800 किलो स्क्रैप और पिकअप जब्त

रायगढ़, 25 सितम्बर 2026। चोरी के माल की खरीद-बिक्री और अवैध कबाड़ कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। ऑपरेशन प्रहार के तहत धरमजयगढ़ पुलिस ने पीपरमार चौक स्थित एक कबाड़ दुकान में छापेमारी कर करीब 800 किलोग्राम लोहे और टीन का कबाड़ तथा एक पिकअप वाहन जब्त किया है। जब्त कबाड़ की कीमत करीब 50 हजार रुपये, जबकि पिकअप वाहन की कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पीपरमार चौक में मनतोष यादव द्वारा कबाड़ दुकान संचालित की जा रही है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी धरमजयगढ़ निरीक्षक राजेश जांगड़े के नेतृत्व में पुलिस टीम गवाहों के साथ मौके पर पहुंची और दुकान में रेड की।

जांच के दौरान मौके पर मनतोष यादव पिता स्व. सदर राम यादव, उम्र 30 वर्ष, निवासी नीचेपारा धरमजयगढ़ मिला। पुलिस ने दुकान की तलाशी ली तो करीब 500 किलोग्राम लोहे एवं टीन का स्क्रैप बरामद हुआ। इसके अलावा पिकअप वाहन क्रमांक CG 13 AB 6317 में करीब 300 किलोग्राम स्क्रैप लदा मिला। इस तरह पुलिस ने कुल करीब 800 किलोग्राम कबाड़ जब्त किया।

पुलिस ने कबाड़ और पिकअप वाहन को कब्जे में लेकर मनतोष यादव के विरुद्ध धारा 35(क-ड) BNSS/303(2) BNS के तहत कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार जिले में चोरी के माल की खपत रोकने और अवैध कबाड़ के क्रय-विक्रय एवं परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक सुरेन्द्र वर्मा, प्रधान आरक्षक श्यामदेव साहू और आरक्षक ललित राठिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button