ACB के छापे में DEO के घर से बड़ी मात्रा में नकदी व संपत्ति के दस्तावेज जब्त

बिलासपुर। एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने शनिवार को बिलासपुर जिला शिक्षा अधिकारी के ठिकानों पर छापा मारा। एसीबी की छापेमारी समाप्त हो चुकी है। एसीबी ने इस कार्रवाई की जानकारी एक प्रेस नोट जारी कर दी है।
प्रेस नोट में कहा गया है, “एंटी करप्शन ब्यूरो को जिला शिक्षा अधिकारी, बिलासपुर टीकाराम साहू के खिलाफ अनुपातहीन संपत्ति की शिकायत प्राप्त हुई थी। जांच और संपत्ति के गोपनीय सत्यापन के बाद अपराध कमांक 30/2024, धारा-13 (1) बी, 13(2) भ्र.नि.अ. 1988 यथासंशोधित 2018 का अपराध दर्ज कर आज 3 अगस्त 2024 को तड़के सुबह उनके बिलासपुर और कवर्धा स्थित निवास स्थान तथा कार्यालय में सर्च कार्यवाही की गई। सर्च कार्यवाही पश्चात शिकायत में उल्लेखित रायपुर, बिलासपुर और कवर्धा स्थित अचल संपत्तियों के दस्तावेज, नकदी, गहने, और एफडी/एलआईसी में लाखों रुपये के निवेश से संबंधित दस्तावेज भी जप्त किए गए। प्रकरण में विवेचना जारी है।”
छापेमारी का विवरण
आज सुबह एसीबी की टीम ने बिलासपुर जिला शिक्षा अधिकारी टीआर साहू के शासकीय निवास के अलावा कवर्धा स्थित उनके गृह निवास पर भी छापा मारा। छापे के दौरान सात सदस्यीय टीम बरसते पानी में बिलासपुर पहुंची थी। तड़के टीम सरकंडा के नूतन कॉलोनी स्थित शासकीय घर में पहुंची, जिससे जिला शिक्षा अधिकारी और उनके परिवार की नींद टूटी। एसीबी की टीम ने टीआर साहू के सरकारी आवास में जांच की और उन्हें लेकर जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंची।
जांच और दस्तावेजों की बरामदगी
एसीबी की टीम ने जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में दस्तावेजों की जांच की। जांच के बाद टीम वापस लौट गई। बताया गया है कि जिला शिक्षा अधिकारी पर शिक्षकों के ट्रांसफर-पोस्टिंग, विभागीय खरीदी और निर्माण कार्यों में कमीशनखोरी की शिकायत मिली थी। एसीबी ने इसी शिकायत की जांच के लिए छापेमारी की थी।
टीआर साहू का बयान
टीम के जाने के बाद टीआर साहू ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “मैं अक्टूबर 2023 से यहां जिला शिक्षा अधिकारी के पद पर पदस्थ हूं। पूर्व में मैं कवर्धा में पदस्थ था। मेरे खिलाफ आय से अधिक संपत्ति की शिकायत मिलने की बात एसीबी की टीम ने मुझे बताई और मेरे निवास व कार्यालय में जांच की। जांच में कोई भी आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद नहीं हुआ है। कवर्धा स्थित मेरे निवास में भी छापा मारा गया, इस बात की जानकारी मुझे नहीं है। मुझसे पूछताछ की कार्यवाही पूरी हो चुकी है और किसी भी प्रकार का आपत्तिजनक दस्तावेज मुझसे जब्त नहीं किया गया है। शिकायतकर्ता कौन है, इस बात की जानकारी मुझे नहीं है।”

इस घटना ने जिला शिक्षा अधिकारी टीआर साहू की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं और एसीबी द्वारा की जा रही जांच के परिणामों का इंतजार है।




