CG BREAKING : मेडिकल व्यवसायी से युवती ने वसूले 4 लाख रुपये, फोटो-वीडियो वायरल करने की देती थी धमकी

बिलासपुर, 13 नवंबर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में ब्लैकमेलिंग का एक मामला सामने आया है। यहां मेडिकल संस्थान के संचालक ने एक युवती पर प्रेम संबंधों में उलझाकर ब्लैकमेल करने और चार लाख रुपये से अधिक की रकम वसूलने का आरोप लगाया है। आरोप है कि युवती पुराने फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर बदनाम करने की धमकी देकर लगातार पैसों की मांग कर रही थी। परेशान होकर व्यवसायी ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने युवती के खिलाफ वसूली का अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र में रहने वाले मेडिकल व्यवसायी ने एक जरूरतमंद युवती को अपने संस्थान में कंप्यूटर ऑपरेटर की नौकरी दी थी। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और संबंध बन गए। कुछ समय बाद युवती की शादी दूसरे युवक से हो गई, लेकिन वैवाहिक संबंध ज्यादा समय तक नहीं चल सके। इसके बाद वह ससुराल छोड़कर अलग रहने लगी।
आरोप है कि युवती ने इसके बाद दोबारा मेडिकल व्यवसायी से संपर्क किया और संबंध बनाए रखने का दबाव बनाने लगी। व्यवसायी ने जब इससे इनकार किया तो युवती पुराने फोटो और वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल करने की धमकी देने लगी। बदनामी के डर से व्यवसायी ने शुरुआत में उसे दो लाख रुपये दे दिए।
हालांकि, इसके बाद भी युवती की पैसों की मांग बंद नहीं हुई। शिकायत के मुताबिक, व्यवसायी ने अलग-अलग किस्तों में ऑनलाइन दो लाख रुपये से अधिक की अतिरिक्त रकम भी ट्रांसफर की। इस तरह चार लाख रुपये से ज्यादा देने के बावजूद जब कथित ब्लैकमेलिंग जारी रही तो व्यवसायी ने पुलिस की शरण ली।
कोतवाली पुलिस ने शिकायत के आधार पर युवती के खिलाफ एक्सटॉर्शन यानी अवैध वसूली का मामला दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस ऑनलाइन ट्रांजेक्शन, बैंक खातों और कथित धमकियों से जुड़े साक्ष्यों की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कार्रवाई जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर की जाएगी।




