Chhattisgarh

C.G. CRIME : एक ही कृषि भूमि दो बार बेचकर की धोखाधड़ी, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

  • 2014 में 3 लाख रुपये में बेची गई जमीन को 2026 में फिर दूसरे व्यक्ति को बेचा, पुराने दस्तावेजों की जांच में हुआ खुलासा

जगदलपुर, 07 नवंबर 2026। बस्तर जिले में एक ही कृषि भूमि को दो बार विक्रय कर धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। मामले में परपा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। आरोप है कि वर्ष 2014 में 3 लाख रुपये में बेची गई कृषि भूमि को वर्ष 2026 में दोबारा दूसरे व्यक्ति के हाथों बेच दिया गया और उसका नामांतरण भी करा लिया गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम बस्तर निवासी कार्तिक कश्यप ने थाना परपा में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके पिता ने वर्ष 2014 में ग्राम कोरपाल स्थित कृषि भूमि खसरा नंबर 62/1, रकबा 2 हेक्टेयर को सोमनी पति स्वर्गीय डोमू से 3 लाख रुपये में खरीदा था। जमीन का कब्जा भी प्राप्त कर लिया गया था, लेकिन पारिवारिक परिस्थितियों के चलते भूमि का नामांतरण नहीं हो सका। इसके लिए कई बार आवेदन देने के बावजूद प्रक्रिया पूरी नहीं हुई।

शिकायत के मुताबिक, विक्रेता सोमनी ने पहले से बेची जा चुकी उक्त कृषि भूमि को 8 अप्रैल 2026 को पुनः नीलवती नाग पति रामलाल नाग निवासी ग्राम उलनार, तहसील नगरनार को बेच दिया। इसके बाद भूमि का नामांतरण भी करा लिया गया। इस तरह एक ही जमीन का दो बार विक्रय कर धोखाधड़ी किए जाने का आरोप लगाया गया।

शिकायत पर परपा पुलिस ने धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस टीम ने वर्ष 2014 के मूल क्रय-विक्रय दस्तावेजों और वर्ष 2026 में किए गए पुनः विक्रय एवं नामांतरण संबंधी अभिलेखों की गहन जांच की। पुराने और नए दस्तावेजों का मिलान कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए।

विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने भूलकु राम नाग को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। पर्याप्त दस्तावेजी साक्ष्य मिलने पर उसे 6 नवंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

यह कार्रवाई SP बस्तर शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन, अतिरिक्त SP सुखनंदन राठौर एवं एसडीओपी केशलूर लक्ष्मण पोटाई के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में TI परपा निरीक्षक भोला सिंह राजपूत के नेतृत्व में एएसआई अजीत सिंह, प्रधान आरक्षक टेकराम देशमुख, आरक्षक रोशन चौहान, कमलेचन नाग एवं जगतराम कश्यप की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

गिरफ्तार आरोपी: भूलकु राम नाग (35 वर्ष), पिता पांडरु राम नाग, निवासी ग्राम मौलीपदर, थाना दरभा।

Related Articles

Back to top button