Bilaspur Crime: हुड़दंग करने वाले 3 बदमाशों पर पुलिस की कार्रवाई, प्रतिबंधात्मक धाराओं में भेजा गया मजिस्ट्रेट के समक्ष

- त्योहारों में शांति व्यवस्था बनाए रखने सिविल लाइन पुलिस की सख्ती, एक फरार वारंटी भी गिरफ्तार
बिलासपुर, 11 नवंबर 2026। त्योहारों के मद्देनजर जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए बिलासपुर पुलिस ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में सिविल लाइन पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर हुड़दंग कर अशांति फैलाने वाले तीन बदमाशों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। वहीं, एक फरार वारंटी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ SP के निर्देश पर जिले में लगातार पेट्रोलिंग और गश्त की जा रही है। इसी दौरान 10 नवंबर 2026 को विवेक पटेल, आर्यन रात्रे और साहिल खान अलग-अलग स्थानों पर हुड़दंग करते पाए गए। सूचना मिलने पर पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और तीनों को समझाइश दी, लेकिन उन्होंने अपने व्यवहार में सुधार करने के बजाय और अधिक उपद्रव करने की कोशिश की।
इसके बाद पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की और सिटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पूर्व के एक मामले में फरार आरोपी सिद्धार्थ वर्मा (39 वर्ष), निवासी विजयापुरम कॉलोनी सरकंडा के खिलाफ जारी गिरफ्तारी वारंट की तामिली करते हुए उसे भी गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
इनके खिलाफ हुई कार्रवाई
प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के तहत विवेक पटेल (30 वर्ष), निवासी मरार गली मगरपारा, आर्यन रात्रे (19 वर्ष), निवासी मिनीबस्ती और साहिल खान (23 वर्ष), निवासी तेलीपारा संजय ट्रेडर्स सरजू बगीचा को पुलिस ने हिरासत में लिया।
सिविल लाइन पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बिगाड़ने, हुड़दंग करने और अशांति फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।





