Big BREAKING: शाहजाद पूनावाला के BJP छोड़ने की अटकलें तेज, आधिकारिक पुष्टि का इंतजार

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहजाद पूनावाला के पार्टी से इस्तीफा देने की चर्चाओं ने शुक्रवार को राजनीतिक हलकों में जोर पकड़ लिया। हालांकि, इस संबंध में अभी तक न तो शाहजाद पूनावाला और न ही भारतीय जनता पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर शाहजाद पूनावाला की अपडेटेड प्रोफाइल में भारतीय जनता पार्टी का उल्लेख नहीं होने के बाद इस्तीफे की अटकलों को बल मिला है। हालांकि, अपनी प्रोफाइल में उन्होंने स्वयं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का “आजीवन समर्थक” (Lifelong Supporter of Prime Minister Narendra Modi) बताया है।
गौरतलब है कि शाहजाद पूनावाला ने वर्ष 2017 में कांग्रेस छोड़ दी थी। उस समय उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए इसे महज औपचारिकता बताया था। इसके बाद वे भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए, जहां उन्हें राष्ट्रीय प्रवक्ता की जिम्मेदारी सौंपी गई।
शाहजाद पूनावाला के भाई तहसीन पूनावाला वर्तमान में कांग्रेस से जुड़े हुए हैं और पार्टी के प्रवक्ता के रूप में सक्रिय हैं। वे एक प्रमुख उद्योगपति परिवार से संबंध रखते हैं तथा दिल्ली सहित विभिन्न स्थानों पर उनके व्यावसायिक हित भी बताए जाते हैं।
फिलहाल शाहजाद पूनावाला के BJP छोड़ने की खबर की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में पार्टी या स्वयं पूनावाला की ओर से औपचारिक बयान आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।




