तेज रफ्तार दुबे ट्रेवल्स की बस ने मेडिकल छात्रा को मारी टक्कर, स्कूटी 20 मीटर तक घसीटी

कांकेर: हाइवे पर दौड़ रही तेज रफ्तार यात्री बसें हादसों को जन्म दे रही हैं। मंगलवार दोपहर रायपुर की ओर जा रही दुबे ट्रेवल्स की बस ने गोविंदपुर में एक मेडिकल छात्रा को टक्कर मार दी। बस की रफ्तार इतनी अधिक थी कि अचानक सामने आई छात्रा को देख चालक वाहन को नियंत्रित नहीं कर सका। टक्कर के बाद बस नहीं रुकी। स्कूटी को 20 मीटर तक घसीटते ले गई।
अच्छा हुआ कि टक्कर के बाद छात्रा दूर फेंकी गई। इससे बड़ी अनहोनी टल गई। मंगलवार, 22 सितंबर की घटना का कारण भी टाइमिंग फेल होना है। जगदलपुर से रायपुर के लिए सवारी लेकर निकली दुबे ट्रेवल्स की बस (सीजी 04 ईए 4482) का कांकेर नए बसस्टैंड पहुंचने का समय दोपहर 2 बजे है।
बुकिंग एजेंट के अनुसार बस समय पर आई। 2 बजकर 5 मिनट पर बसस्टैंड से रवाना हो गई। बस को चारामा 2.30 बजे पहुंचना था। कांकेर में ही सवारी बैठाती रही।मेडिकल कॉलेज के छात्रों ने घटनास्थल पर जमा होकर हंगामा खड़ा कर दिया। वे चालक पर कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। पुलिस ने चालक और परिचालक को तत्काल मौके से हटा दिया।




