छत्तीसगढ़ में 80 प्रतिशत स्मार्ट मीटर स्थापित, मार्च 2027 तक शत-प्रतिशत लक्ष्य

एआईडीए के महानिदेशक आलोक कुमार ने स्मार्ट मीटर और मोर बिजली एप की सुविधाओं की सराहना की, देशभर की विद्युत वितरण कंपनियों के प्रतिनिधियों ने लिया छत्तीसगढ़ की व्यवस्था का जायजा
रायपुर, 26 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में स्मार्ट मीटर की स्थापना और उनके प्रभावी क्रियान्वयन को देखने के लिए देशभर की विद्युत वितरण कंपनियों के प्रतिनिधियों का राष्ट्रीय दल रायपुर पहुंचा है। ऑल इंडिया डिस्कॉम्स एसोसिएशन (एआईडीए) के महानिदेशक आलोक कुमार ने छत्तीसगढ़ में स्मार्ट मीटर स्थापना की प्रगति और उपभोक्ताओं को डिजिटल माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर और मोर बिजली एप के माध्यम से उपभोक्ता अपनी बिजली खपत पर नजर रखने के साथ उसे नियंत्रित भी कर सकते हैं। एप में उपलब्ध खपत पूर्वानुमान, ग्राफ आधारित विश्लेषण, रियल टाइम अपडेट और तुलनात्मक आंकड़े उपभोक्ताओं के लिए उपयोगी हैं। छत्तीसगढ़ की ये पहल अन्य राज्यों की विद्युत वितरण कंपनियों के लिए भी अनुकरणीय हो सकती है।
आलोक कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी द्वारा आयोजित दो दिवसीय नॉलेज शेयरिंग एवं फील्ड विजिट कार्यक्रम के पहले दिन डंगनिया स्थित पावर कंपनियों के मुख्यालय सेवा भवन में आयोजित कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस दौरे के दौरान देशभर की विद्युत वितरण कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ छत्तीसगढ़ में विकसित मोर बिजली एप और प्रकाश एप की कार्यप्रणाली एवं उपयोगिता की जानकारी साझा की जाएगी।
कार्यशाला में छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के प्रबंध निदेशक भीमसिंह कंवर ने बताया कि प्रदेश में लगभग 66 लाख बिजली उपभोक्ता और करीब 8 लाख कृषि पंप कनेक्शन हैं। आठ रीजन में विभाजित प्रदेश में अब तक लगभग 80 प्रतिशत स्मार्ट मीटर स्थापित किए जा चुके हैं। इस उपलब्धि के साथ छत्तीसगढ़ देश में चौथे स्थान पर है। शेष स्मार्ट मीटर मार्च 2027 तक स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। रायपुर में घरेलू स्मार्ट मीटर स्थापना का कार्य 98 प्रतिशत पूरा हो चुका है। वहीं, फीडर मीटरिंग का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण कर लिया गया है। लगभग दो लाख डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफॉर्मर मीटर लगाने के लक्ष्य के मुकाबले 65 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।
कंवर ने कहा कि बेहतर समन्वय, नियमित निगरानी और टीमवर्क के चलते स्मार्ट मीटर स्थापना के कार्य में तेजी आई है। मोर बिजली एप में उपभोक्ताओं के लिए 36 सुविधाएं उपलब्ध हैं। इनके माध्यम से उपभोक्ता बिजली संबंधी शिकायत दर्ज कराने, उसके निराकरण की स्थिति जानने, बिल का भुगतान करने तथा पिछले दो वर्षों की बिजली खपत और भुगतान का विवरण देख सकते हैं। उन्होंने बताया कि स्मार्ट मीटर को लेकर अन्य राज्यों में फैले भ्रम का प्रभाव छत्तीसगढ़ में भी देखने को मिला, लेकिन उपभोक्ताओं से निरंतर संवाद कर उनकी शंकाओं और समस्याओं का समाधान किया गया।
कार्यपालक निदेशक (ओएंडएम) संजय खंडेलवाल ने बताया कि नई तकनीक के स्मार्ट मीटर स्थापित करना कंपनी के लिए चुनौतीपूर्ण कार्य था। इसके लिए उपभोक्ताओं के बीच तकनीक की स्वीकार्यता बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया गया। प्रदेश के 55.43 लाख घरेलू बिजली कनेक्शनों में से 44.22 लाख में स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। इसके अलावा 90 प्रतिशत सरकारी कार्यालयों, 76 प्रतिशत वाणिज्यिक और 58 प्रतिशत औद्योगिक कनेक्शनों में भी स्मार्ट मीटर स्थापित किए जा चुके हैं।
कार्यपालक निदेशक (ईआईटीसी) ए.एम. परियल ने मोर बिजली एप के खपत पूर्वानुमान फीचर की जानकारी देते हुए बताया कि इसके माध्यम से उपभोक्ता आगामी बिजली बिल का अनुमान लगा सकते हैं और अपनी खपत को बेहतर ढंग से प्रबंधित कर सकते हैं। उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों और फील्ड अमले के लिए प्रकाश एप को भी उपयोगी बताया। इस दौरान सहायक अभियंता मनोज बजाज ने मोर बिजली एप का विस्तृत प्रस्तुतिकरण दिया।
राष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल को 27 नवंबर को राजनांदगांव स्थित बैटरी स्टोरेज सोलर पावर प्लांट का क्षेत्रीय भ्रमण भी कराया जाएगा, जहां उन्हें ऊर्जा भंडारण और सौर ऊर्जा से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी दी जाएगी। कार्यक्रम में कार्यपालक निदेशक वी.के. साय एवं एम. जामुलकर, मुख्य अभियंता संजीव सिंह एवं ए.के. लखेरा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन उपमहाप्रबंधक (जनसंपर्क) गोविंद पटेल ने किया।




