इंदौर में पत्नी और ससुर के खिलाफ ब्लैकमेलिंग का केस दर्ज: दहेज प्रकरण खत्म करने के नाम पर 50 लाख की मांग का आरोप

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर के हीरानगर थाना क्षेत्र से पत्नी और ससुर के खिलाफ ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आया है। फरियादी वाकुल विजयवर्गीय की शिकायत पर पुलिस ने उसकी पत्नी यशस्वी विजयवर्गीय और ससुर संजय विजयवर्गीय के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।
2023 में हुई थी शादी, एडिटेड फोटो वायरल करने का आरोप
जानकारी के अनुसार, वाकुल की शादी साल 2023 में यशस्वी से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पत्नी ने पति की महिला मित्र के साथ एडिटेड फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। वहीं, यशस्वी ने परदेशीपुरा थाने में पति के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मामला भी दर्ज कराया था।
50 लाख की मांग, 15 लाख पहले लेने का दावा
फरियादी का आरोप है कि दहेज प्रताड़ना का केस खत्म करने के नाम पर उससे 50 लाख रुपये की मांग की गई। यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी पक्ष पहले ही उससे 15 लाख रुपये ले चुका था। शिकायत मिलने के बाद हीरानगर पुलिस ने पत्नी और ससुर के खिलाफ ब्लैकमेलिंग का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।




