Chhattisgarh

रायपुर में ई-चालान भुगतान हुआ आसान, यातायात पुलिस ने जारी किया QR कोड; स्कैन करते ही मिलेगी चालान की जानकारी

रायपुर, 25 नवंबर। राजधानी रायपुर में वाहन चालकों के लिए ई-चालान की जानकारी प्राप्त करना और उसका ऑनलाइन भुगतान करना अब आसान हो गया है। यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने आम नागरिकों की सुविधा के लिए QR कोड की नई व्यवस्था शुरू की है। अब वाहन मालिक अपने मोबाइल से QR कोड स्कैन कर अपने वाहन पर जारी ई-चालान की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे और ऑनलाइन भुगतान भी कर सकेंगे।

यातायात पुलिस द्वारा 25 नवंबर 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, शहर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ ITMS कैमरों और यातायात पुलिस के माध्यम से लगातार ई-चालान जारी किए जा रहे हैं। चालान जारी होने पर वाहन मालिकों के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर SMS भी भेजा जाता है। हालांकि, जानकारी और ऑनलाइन भुगतान की प्रक्रिया से अनजान होने के कारण कई वाहन मालिकों के चालान लंबित रह जाते हैं।

इस समस्या को दूर करने के लिए पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने QR कोड सुविधा शुरू की है। इसके तहत शहर के शासकीय कार्यालयों, पेट्रोल पंपों, ऑटो डीलर्स, बैंकों और यातायात थाना भवनों सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर QR कोड चस्पा किए जा रहे हैं। इसके माध्यम से नागरिक आसानी से ई-चालान की जानकारी प्राप्त कर निर्धारित ऑनलाइन माध्यम से भुगतान कर सकेंगे।

पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के मार्गदर्शन और पुलिस उपायुक्त यातायात डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में शहर के सभी यातायात थानों के माध्यम से इस सुविधा को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। इस पहल से वाहन चालकों को चालान की जानकारी लेने के लिए बार-बार यातायात कार्यालय जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। साथ ही लंबित ई-चालान के त्वरित निराकरण और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।

डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और अपने वाहनों पर जारी ई-चालान की नियमित जानकारी लेकर समय पर भुगतान करें। उन्होंने नागरिकों से QR कोड सुविधा का लाभ उठाने और सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाने में सहयोग करने की अपील की है।

ई-चालान की जानकारी और ऑनलाइन भुगतान के लिए वाहन चालक परिवहन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट https://echallan.parivahan.nic.in पर जा सकते हैं। किसी भी यातायात संबंधी सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 9479210632 पर संपर्क किया जा सकता है।

Related Articles

Back to top button