Chhattisgarh

बीजापुर के युवा किसान निखिल कोरम ने वैज्ञानिक तरीके से किया मत्स्य पालन, एक हेक्टेयर तालाब से 200 किलो मछली का उत्पादन

बीजापुर, 17 नवम्बर। छत्तीसगढ़ के ग्रामीण क्षेत्रों में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग कर आजीविका के नए अवसर तलाशने की दिशा में युवा मत्स्य कृषक निखिल कुमार कोरम ने मिसाल पेश की है। भोपालपटनम विकासखंड के ग्राम अर्जुनली निवासी निखिल ने वैज्ञानिक पद्धति से मत्स्य पालन कर अपने एक हेक्टेयर क्षेत्रफल के तालाब से करीब 200 किलोग्राम मछली का उत्पादन हासिल किया है। उनकी यह पहल परिवार की अतिरिक्त आय का जरिया बनने के साथ ही आसपास के ग्रामीणों को भी स्वरोजगार के लिए प्रेरित कर रही है।

निखिल कोरम ने पारंपरिक आजीविका के साथ मत्स्य पालन को अपनाकर उपलब्ध जल संसाधनों का बेहतर उपयोग किया। इस कार्य में मत्स्य पालन विभाग का तकनीकी मार्गदर्शन और सहयोग भी मिला। विभागीय सलाह के अनुसार उन्होंने तालाब की तैयारी, गुणवत्तायुक्त मत्स्य बीज का संचयन, संतुलित आहार प्रबंधन और मछलियों की नियमित देखरेख पर विशेष ध्यान दिया। वैज्ञानिक तरीके से किए गए प्रयासों के परिणामस्वरूप उन्हें बेहतर उत्पादन प्राप्त हुआ।

मत्स्य पालन से बढ़ी आय, आर्थिक स्थिति को मिल रही मजबूती

मत्स्य पालन निखिल के लिए पारंपरिक आजीविका के साथ आय का एक नया विकल्प बनकर उभरा है। इससे परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है। उत्पादन से उत्साहित निखिल अब इस गतिविधि को आगे बढ़ाने के लिए भी प्रयासरत हैं।

ग्रामीण युवाओं के लिए बनी प्रेरणा

निखिल कोरम की यह पहल बताती है कि ग्रामीण क्षेत्रों में उपलब्ध तालाबों और जल संसाधनों का योजनाबद्ध तरीके से उपयोग कर मत्स्य पालन को रोजगार और आय का प्रभावी माध्यम बनाया जा सकता है। विभागीय तकनीकी मार्गदर्शन, मेहनत और वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाकर ग्रामीण किसान आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं। अर्जुनली के युवा किसान निखिल की यह सफलता अन्य ग्रामीणों के लिए भी स्वरोजगार अपनाने की प्रेरणा बन रही है।

Related Articles

Back to top button