Chhattisgarh

अंडीकछार में राखड़ परिवहन के खिलाफ ग्रामीणों का प्रदर्शन, भारी वाहनों को रोका

कोरबा, 17 नवंबर 2026। कोरबा जिले के अंडीकछार गांव में भारी वाहनों से सड़क की बदहाल होती स्थिति को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश सामने आया। सोमवार सुबह करीब 9 बजे ग्रामीणों ने राखड़ से भरे भारी वाहनों को रोककर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि राखड़ परिवहन में लगे ओवरलोड ट्रेलर और हाईवा की लगातार आवाजाही से अंडीकछार-चोढ़ा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत निर्मित सड़क पूरी तरह जर्जर हो गई है। जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जबकि सड़क के किनारे भी धंसने लगे हैं।

ग्रामीणों के अनुसार, बांधाखार स्थित मारुति क्लीन कोल एंड पावर प्लांट तथा रेकी पावर प्लांट से निकलने वाली फ्लाई ऐश (राखड़) को निजी जमीनों पर डंप किया जाता है। इसके परिवहन के लिए बड़े ट्रेलर और हाईवा दिन-रात गांव की सड़क से गुजरते हैं। भारी वाहनों के लगातार दबाव और ओवरलोड परिवहन के कारण सड़क की हालत दिनोंदिन खराब होती जा रही है।

ग्रामीणों ने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत इस मार्ग का निर्माण ग्रामीणों, स्कूली बच्चों और मरीजों की सुविधाजनक आवाजाही के लिए किया गया था। लेकिन अब सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने और किनारों के क्षतिग्रस्त होने से आवागमन मुश्किल हो गया है। तेज रफ्तार भारी वाहनों से उड़ने वाली धूल के कारण भी ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क की बदहाली के चलते दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ गई है।

सोमवार सुबह ग्रामीणों ने एकजुट होकर राखड़ परिवहन में लगे ट्रेलरों को रोक दिया। सूचना मिलने पर संबंधित प्लांट के कुछ कर्मचारी मौके पर पहुंचे, लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे। ग्रामीणों का आरोप है कि प्लांट प्रबंधन वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करने के बजाय गांव की सड़क से भारी वाहनों का परिचालन करा रहा है और सड़क की मरम्मत की दिशा में भी कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने और समस्या का स्थायी समाधान करने की पहल नहीं की तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने राखड़ परिवहन के लिए अलग वैकल्पिक मार्ग निर्धारित करने, ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई करने तथा क्षतिग्रस्त सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने इस संबंध में कलेक्टर और एसडीएम पाली को ज्ञापन सौंपने की बात भी कही। उनका कहना है कि बरसात के दौरान सड़क की स्थिति और अधिक खराब हो सकती है, जिससे ग्रामीणों की परेशानी बढ़ेगी।

विरोध प्रदर्शन के दौरान पूर्व उपसरपंच राजकुमार रात्रे, हीरालाल रात्रे, सुखसागर खूंटे, कन्हैया खांडेकर, दूजराम नेटी, फागुन कामरो, रामकुमार और संतोष सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button