धमतरी के 108 धान खरीदी केंद्र कल से होंगे गुलजार, पहले दिन 550 किसानों से 20 हजार क्विंटल धान खरीदने की तैयारी

धमतरी। छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का महाअभियान शुरू होने जा रहा है। इसके लिए धमतरी जिले के सभी 108 धान उपार्जन केंद्रों में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पहले दिन जिले में 550 से अधिक किसानों ने धान बेचने के लिए टोकन प्राप्त किया है। इन किसानों से करीब 20 हजार क्विंटल धान खरीदी की तैयारी की गई है। जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर शुरू हो रहे इस खरीदी अभियान को लेकर किसानों में खासा उत्साह है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा किसानों को धान विक्रय की सुगम और पारदर्शी सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसी के तहत कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देशन में जिले के सभी 108 उपार्जन केंद्रों की तैयारियों का 36 बिंदुओं की चेकलिस्ट के आधार पर निरीक्षण और सत्यापन किया गया है।
21 क्विंटल से कम धान बेचने पर भी मिलेगी 13,839 रुपये की आदान सहायता
धान खरीदी से पहले राज्य सरकार ने किसानों के हित में एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। अब प्रति एकड़ निर्धारित अधिकतम 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले किसानों को भी प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता राशि मिलेगी। इस फैसले से कम उत्पादकता वाले क्षेत्रों के किसानों, लघु एवं सीमांत कृषकों और जनजातीय अंचलों के किसान परिवारों को राहत मिलेगी।
पेयजल से लेकर तौल और भंडारण तक की व्यवस्था पूरी
प्रशासन द्वारा खरीदी केंद्रों में साफ-सफाई, फेंसिंग, बिजली, कंप्यूटर, प्रिंटर, यूपीएस, जनरेटर और इंटरनेट कनेक्टिविटी की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। धान की पारदर्शी तौल के लिए इलेक्ट्रॉनिक तौल यंत्र, कांटा-बांट, बायोमेट्रिक उपकरण और आर्द्रतामापी यंत्रों की जांच की गई है। इसके अलावा पर्याप्त बारदाने, स्टेंसिल, रंग और सुतली भी उपलब्ध कराए गए हैं।
किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पेयजल, प्राथमिक उपचार पेटी, डाटा एंट्री ऑपरेटर, कर्मचारी और हमालों की व्यवस्था की गई है। वहीं, धान को बारिश और नमी से सुरक्षित रखने के लिए चबूतरे, तारपोलिन, भंडारण स्थल और जल निकासी की सुविधा भी सुनिश्चित की गई है।
आमदी केंद्र में 31,900 बारदाने उपलब्ध, 1,318 किसानों का पंजीयन
जिले के आमदी धान उपार्जन केंद्र में भी खरीदी की विशेष तैयारी की गई है। यहां कुल 1,318 किसान पंजीकृत हैं। केंद्र में 30 हजार नए और 1,900 पीडीएस बारदानों सहित कुल 31,900 बारदाने उपलब्ध हैं। यहां 2.6380 हेक्टेयर भंडारण क्षेत्र और 13,600 क्विंटल की बफर लिमिट निर्धारित की गई है।
इसके अलावा पांच तारपोलिन, इन्वर्टर, पेयजल, जल निकासी और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था की गई है। धान की सुरक्षा एवं भंडारण व्यय के लिए 1 लाख 67 हजार 580 रुपये की अग्रिम राशि भी प्राप्त हुई है। निकटतम संग्रहण केंद्र की दूरी 15 किलोमीटर है।
एफएक्यू मानकों और सीसीटीवी से होगी निगरानी
धान खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों में समर्थन मूल्य, एफएक्यू (औसत अच्छी किस्म) गुणवत्ता मानकों और धान के नमूनों का प्रदर्शन किया जाएगा। निगरानी समितियों की नियुक्ति, सीसीटीवी कैमरों और किसान पंजीयन संबंधी व्यवस्थाओं का भी सत्यापन किया गया है।
प्रशासन का प्रयास है कि किसानों को धान बेचने के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। 15 नवंबर से जिले के सभी 108 उपार्जन केंद्रों में खरीदी शुरू होने के साथ ही किसानों की चहल-पहल बढ़ेगी।




