Chhattisgarh

CG BREAK: जांजगीर में दिनदहाड़े लाखों की लूट, महिला से मारपीट कर सोने-चांदी के जेवर और नकदी लेकर फरार हुए बदमाश

जांजगीर-चांपा, 13 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के जांजगीर जिला मुख्यालय में दिनदहाड़े लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 23 में दो अज्ञात बदमाशों ने एक घर में घुसकर महिला के साथ मारपीट की और सोने-चांदी के जेवरात सहित नकदी रकम लूटकर फरार हो गए। लूटे गए सामान की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे की है। दो आरोपी साइकिल से महिला के घर पहुंचे थे। घर में मौजूद महिला के साथ मारपीट करने के बाद आरोपियों ने सोने-चांदी के आभूषण और नकदी अपने कब्जे में ली और मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस आरोपियों की पहचान और उनकी तलाश में जुटी हुई है। हालांकि, वारदात के करीब पांच घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस को आरोपियों के संबंध में कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका था।

जिला मुख्यालय में दिनदहाड़े हुई इस लूट की घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। फिलहाल पुलिस घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य जुटाने के साथ ही आरोपियों की तलाश कर रही है।

Related Articles

Back to top button