ICICI लाइफ ने लॉन्च किया BSE 500 मोमेंटम क्वालिटी 50 इंडेक्स फंड, मजबूत कंपनियों में निवेश का मिलेगा मौका

मुंबई। आईसीआईसीआई लाइफ इंश्योरेंस ने निवेशकों के लिए नया इक्विटी निवेश विकल्प ICICI लाइफ BSE 500 मोमेंटम क्वालिटी 50 इंडेक्स फंड लॉन्च किया है। यह फंड कंपनी की अधिकांश यूनिट लिंक्ड इंश्योरेंस प्लान (ULIP) योजनाओं के साथ उपलब्ध होगा। इसके जरिए ग्राहकों को मजबूत वित्तीय स्थिति और शेयर बाजार में लगातार बेहतर प्रदर्शन करने वाली कंपनियों में निवेश का अवसर मिलेगा।
यह इंडेक्स फंड लंबी अवधि में संपत्ति बनाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। इसके तहत BSE 500 इंडेक्स में शामिल 50 चुनिंदा कंपनियों में निवेश किया जाएगा। कंपनियों का चयन मुख्य रूप से दो मानकों- मोमेंटम और क्वालिटी के आधार पर होगा। इसमें मजबूत कारोबारी मॉडल, बेहतर कमाई की क्षमता और शेयर की कीमतों में सकारात्मक रुझान वाली कंपनियों को प्राथमिकता दी जाएगी।
आईसीआईसीआई लाइफ इंश्योरेंस के चीफ इन्वेस्टमेंट ऑफिसर मनीष कुमार ने कहा कि यह फंड निवेशकों को मजबूत वित्तीय स्थिति वाली कंपनियों में निवेश के माध्यम से लंबी अवधि में संपत्ति बनाने का अवसर प्रदान करेगा। कंपनियों का चयन रिटर्न ऑन इक्विटी (ROE), डेट-टू-इक्विटी अनुपात और प्रति शेयर आय (EPS) जैसे वित्तीय मानकों के आधार पर किया जाएगा। इसके साथ ही पिछले 12 महीनों में शेयर की कीमतों के प्रदर्शन को भी ध्यान में रखा जाएगा।
कंपनी के अनुसार, 30 सितंबर 2026 तक BSE 500 मोमेंटम क्वालिटी 50 इंडेक्स ने सात साल की अवधि में 23.7 प्रतिशत तक का रिटर्न दिया है। इस प्रदर्शन के आधार पर सात साल पहले निवेश किए गए एक लाख रुपये की वैल्यू बढ़कर करीब 4.4 लाख रुपये हो गई होती। हालांकि, यह इंडेक्स का पिछला प्रदर्शन है और भविष्य में मिलने वाले रिटर्न की गारंटी नहीं है।
बाजार की परिस्थितियों और कंपनियों के वित्तीय प्रदर्शन में बदलाव को ध्यान में रखते हुए फंड के पोर्टफोलियो को प्रत्येक तिमाही में रीबैलेंस किया जाएगा। इससे निवेश पोर्टफोलियो को बदलते बाजार अवसरों के अनुरूप बनाए रखने में मदद मिलेगी।
कंपनी ने वित्त वर्ष 2027 की पहली छमाही में 99.3 प्रतिशत का क्लेम सेटलमेंट रेशियो दर्ज किया है। वहीं, बिना जांच वाले दावों के निपटारे में औसतन 1.1 दिन का समय लगा है।
इन ULIP योजनाओं में मिलेगा फंड का विकल्प
आईसीआईसीआई लाइफ BSE 500 मोमेंटम क्वालिटी 50 इंडेक्स फंड कंपनी की प्रमुख ULIP योजनाओं के साथ उपलब्ध होगा। इनमें ICICI लाइफ प्रोटेक्ट एन गेन, सिग्नेचर एश्योर, सिग्नेचर, प्लेटिनम और वेल्थ एलीट प्रो शामिल हैं। इन योजनाओं में निवेश के साथ लाइफ कवर का लाभ भी मिलेगा।
अधिक जानकारी के लिए ग्राहक आईसीआईसीआई लाइफ इंश्योरेंस की आधिकारिक वेबसाइट www.icicilife.com पर जा सकते हैं।




