Chhattisgarh

बलौदाबाजार: सड़क हादसे में घायलों की जान बचाने वाले चार राहवीरों का राज्योत्सव में सम्मान, प्रत्येक को मिले 25 हजार रुपये

बलौदाबाजार-भाटापारा, 04 नवंबर। सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद कर उनकी जान बचाने वाले जिले के चार साहसी नागरिकों को राज्योत्सव के गरिमामय समारोह में सम्मानित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि रायपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने चारों राहवीरों को प्रशस्ति पत्र एवं 25-25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान कर उनके साहस, संवेदनशीलता और मानवता के प्रति समर्पण की सराहना की।

सम्मानित होने वाले चारों नागरिक ग्राम संडी, थाना पलारी के निवासी हैं। इनमें सीताराम उर्फ सीतू वर्मा, राजू उर्फ राजेंद्र मनहरे, जितेंद्र वर्मा और मनीष वर्मा शामिल हैं। इन सभी ने सड़क दुर्घटना के दौरान अपनी जान की परवाह किए बिना घायलों की मदद कर मानवता की मिसाल पेश की थी।

दरअसल, 21 मई 2025 को रात करीब 8:20 बजे ग्राम संडी स्थित श्रीराम राइस मिल के पास मुख्य मार्ग पर ट्रक और ईको कार के बीच भीषण टक्कर हो गई थी। टक्कर के बाद ईको कार में आग लग गई। हादसे में कार सवार चार लोगों में से तीन और दोनों ट्रकों के चालक गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

इस दौरान ग्राम संडी के चारों नागरिकों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घायलों की मदद की। उन्होंने बिना समय गंवाए घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से महज 15 मिनट के भीतर मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। दुर्घटना के बाद गोल्डन ऑवर में उपचार मिलने से घायलों की जान बचाने में मदद मिली।

SP गौरव राय के मार्गदर्शन में जिले में राहवीर (गुड सेमेरिटन) योजना के प्रचार-प्रसार और आम नागरिकों को सड़क दुर्घटना में घायलों की सहायता के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया जा रहा है। इस अभियान में अतिरिक्त SP खोमन सिन्हा, उप SP यातायात संजय कुमार साहू और मोनिका मरावी की भूमिका भी महत्वपूर्ण है।

बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को देखकर अनदेखा न करें, बल्कि आगे आकर उसकी मदद करें। दुर्घटना के बाद शुरुआती समय यानी गोल्डन ऑवर में घायल को अस्पताल पहुंचाना उसकी जान बचाने में बेहद महत्वपूर्ण होता है। राहवीर योजना के तहत घायलों की मदद करने वाले नेक नागरिकों को प्रोत्साहित एवं सम्मानित करने के साथ अनावश्यक कानूनी परेशानियों से भी संरक्षण प्रदान किया जाता है।

Related Articles

Back to top button