Chhattisgarh

कोरबा की 90 वर्षीय बहुरा बाई ने राम मंदिर ट्रस्ट को भेंट किया 1 किलो से अधिक वजन का चांदी का मुकुट, पहले भी दिए थे 1 लाख रुपये

कोरबा, 04 नवंबर 2026। भगवान श्रीराम के प्रति अटूट आस्था और समर्पण की प्रेरणादायक मिसाल बालको नगर में देखने को मिली है। यहां 90 वर्षीय बुजुर्ग महिला बहुरा बाई ने अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर ट्रस्ट को 1 किलो 39 ग्राम वजन का चांदी का मुकुट भेंट किया है। इससे पहले भी वह राम मंदिर निर्माण के लिए अपनी जमा पूंजी से 1 लाख रुपये का दान कर चुकी हैं।

बहुरा बाई वार्ड क्रमांक 40 के पार्षद रजत खूंटे की दादी हैं। वह अपने परिवार और पोते रजत खूंटे के साथ अयोध्या धाम पहुंचीं, जहां उन्होंने विधि-विधान और श्रद्धा के साथ राम मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों को चांदी का मुकुट सौंपा। इस दौरान ट्रस्ट के सदस्यों ने उनके भक्ति भाव और समर्पण की सराहना करते हुए पूरे परिवार को आशीर्वाद दिया।

90 वर्ष की उम्र में बहुरा बाई का भगवान श्रीराम के प्रति यह समर्पण क्षेत्र में चर्चा और प्रशंसा का विषय बना हुआ है। बालको नगर सहित कोरबा के लोग उनके इस कदम को धार्मिक आस्था, उदारता और संस्कारों की मिसाल बता रहे हैं।

पार्षद रजत खूंटे ने इस अवसर को अपने और परिवार के लिए गौरव एवं सौभाग्य का क्षण बताया। बहुरा बाई का यह योगदान नई पीढ़ी के लिए आस्था, सेवा और समर्पण की प्रेरणा बन गया है।

Related Articles

Back to top button