Chhattisgarh

कोरबा में 6 नवंबर को मनाई जाएगी भगवान धनवंतरी जयंती, भजन और देशभक्ति गीतों की होगी प्रस्तुति

  • निहारिका स्थित पतंजलि चिकित्सालय में सुबह 11 बजे होगा समारोह, सामूहिक पूजन और आरती में शामिल होंगे अतिथि

कोरबा, 04 नवम्बर। आयुर्वेद के प्रवर्तक एवं आरोग्य के देवता भगवान धनवंतरी की जयंती के अवसर पर 6 नवंबर 2026, शुक्रवार को कोरबा में विशेष समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्तिक कृष्ण त्रयोदशी के अवसर पर यह कार्यक्रम सुबह 11 बजे निहारिका स्थित महानदी कॉम्प्लेक्स के पतंजलि चिकित्सालय एवं शिव औषधालय में आयोजित होगा।

आयुष मेडिकल एसोसिएशन, लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट, नमामी हसदेव सेवा समिति, शिव औषधालय एवं पतंजलि चिकित्सालय के संयुक्त संयोजन में आयोजित इस समारोह में भगवान धनवंतरी का षोडशोपचार विधि से सामूहिक पूजन एवं आरती की जाएगी। कार्यक्रम का उद्देश्य विश्व कल्याण, आरोग्य और सुख-समृद्धि की मंगल कामना करना है।

समारोह में जिला पंचायत कोरबा के अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार मुख्य अतिथि होंगे, जबकि जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. श्वेता एक्का अध्यक्षता करेंगी। विशिष्ट अतिथि के रूप में नमामी हसदेव सेवा समिति के कार्यकारी अध्यक्ष रणधीर पांडे, भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ छत्तीसगढ़ के प्रदेश संयोजक डॉ. देवेंद्र कश्यप एवं तहसीलदार अजगरबहार डॉ. रविशंकर राठौर उपस्थित रहेंगे।

समारोह के दौरान राज्यपाल से पुरस्कृत छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध भजनोपदेशक पंडित शिवराज शर्मा, जांजगीर-चांपा एवं कोरबा जिले में ‘एक शाम शहीदों के नाम’ कार्यक्रमों के सुप्रसिद्ध गायक डॉ. रवि शराफ और संदीप शर्मा भजन एवं देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति देंगे।

समारोह के संयोजक एवं शिव औषधालय के संचालक तथा आयुष मेडिकल एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने चिकित्सकों, आयुर्वेद विशेषज्ञों, आयुर्वेद प्रेमियों, धर्मावलंबियों और क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर भगवान धनवंतरी की पूजा-अर्चना करने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button