सक्ती में चोरी की 7 मोटरसाइकिलें बरामद, ग्राहक तलाश रहे दो आरोपी गिरफ्तार

सक्ती, 02 अक्टूबर 2026। थाना सक्ती पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने वाहन चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही से चोरी एवं संदिग्ध कुल 7 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद वाहनों के संबंध में अन्य थाना क्षेत्रों में दर्ज वाहन चोरी के मामलों से संभावित कनेक्शन की जांच की जा रही है। पुलिस अब इस मामले में वाहन चोरी और चोरी के वाहनों की खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य संभावित आरोपियों की तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार सक्ती थाना क्षेत्र के केरीबंधा निवासी बाबुलाल बरेठ ने 6 सितंबर 2026 को मोटरसाइकिल चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि 2 सितंबर को दोपहर करीब 1:30 बजे वह अपनी हीरो स्प्लेण्डर प्रो मोटरसाइकिल क्रमांक CG-11-MB-9986 से एसडीएम कार्यालय सक्ती पहुंचे थे। उन्होंने मोटरसाइकिल को गुप्ता होटल के पास खड़ा किया और कार्यालय चले गए। वापस लौटने पर मोटरसाइकिल वहां नहीं मिली। रिपोर्ट पर थाना सक्ती में अपराध क्रमांक 373/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने चोरी गई मोटरसाइकिल की तलाश और आरोपियों की पहचान के लिए तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र का सहारा लिया। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि बुधवारी बाजार सक्ती में दो व्यक्ति चोरी की मोटरसाइकिलों को बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना सक्ती पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने गवाहों के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
पुलिस टीम को देखकर दोनों संदिग्धों ने मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया। पूछताछ और आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने कुल 7 मोटरसाइकिलें बरामद कीं। वाहनों के संबंध में जब आरोपियों से स्वामित्व और वैध कब्जे के दस्तावेज मांगे गए तो वे कोई संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
पूछताछ और मेमोरंडम कथन के आधार पर पुलिस के अनुसार आरोपियों द्वारा चोरी की मोटरसाइकिलें अपने कब्जे में रखकर उन्हें बेचने के लिए ग्राहक तलाश किए जाने की जानकारी सामने आई। विवेचना में थाना सक्ती के वाहन चोरी मामले में दोनों की संलिप्तता पाए जाने पर उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देवराज सिदार, उम्र 38 वर्ष, निवासी छितापड़रिया थाना बाराद्वार, जिला सक्ती, वर्तमान पता विनोबा नगर बोइरदादर थाना चक्रधर नगर जिला रायगढ़ और रवि कुमार यादव, उम्र 28 वर्ष, निवासी लोहर्सी थाना शिवरीनारायण जिला जांजगीर-चांपा, वर्तमान पता विजयपुर, महर्षि स्कूल के पीछे थाना चक्रधर नगर जिला रायगढ़ के रूप में हुई है।
पुलिस अब बरामद 7 मोटरसाइकिलों के वास्तविक स्वामित्व, चोरी के स्रोत और दूसरे थाना क्षेत्रों में दर्ज वाहन चोरी के मामलों से उनके संबंध की जांच कर रही है। साथ ही चोरी के वाहनों की खरीद-फरोख्त में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर अन्य संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
सक्ती पुलिस ने वाहन मालिकों से अपने वाहनों को सुरक्षित स्थान पर खड़ा करने, सुरक्षा उपकरणों का उपयोग करने और वाहन के जरूरी दस्तावेज सुरक्षित रखने की अपील की है। चोरी के वाहन की खरीद-बिक्री की कोई संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने कहा गया है। पुलिस की इस कार्रवाई को वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और चोरी के वाहनों से जुड़े नेटवर्क का पता लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।




