Chhattisgarh

रायपुर में रोजगार का बड़ा मौका: 8,720 पदों पर होगी भर्ती, 7-8 अक्टूबर को राज्यस्तरीय रोजगार मेला

रायपुर। छत्तीसगढ़ के शिक्षित बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार पाने का बड़ा अवसर सामने आया है। कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग की ओर से रायपुर के बूढ़ापारा स्थित सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में 7 और 8 अक्टूबर 2026 को दो दिवसीय राज्यस्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। रोजगार मेले में अब तक 36 नियोजकों और प्लेसमेंट संस्थाओं ने 8,720 रिक्त पदों की जानकारी विभाग को दी है। अन्य कंपनियों और संस्थानों से भी संपर्क जारी है, जिससे रिक्तियों की संख्या बढ़ सकती है।

रोजगार मेले में 10वीं, 12वीं, ITI, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग, B.Sc. Agri, स्नातक और स्नातकोत्तर योग्यता वाले युवा भाग ले सकेंगे। MBA, MCA सहित विभिन्न तकनीकी और व्यावसायिक योग्यताधारी अभ्यर्थियों के लिए भी रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। कंपनियों की जरूरत के अनुसार छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के साथ देश के दूसरे राज्यों में भी नौकरी के अवसर दिए जाएंगे।

मेले में मैन्युफैक्चरिंग, टेक्निकल, इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल, ऑटोमोबाइल, सेल्स-मार्केटिंग, बैंकिंग-फाइनेंस, ऑफिस वर्क, HR, कस्टमर सर्विस, हेल्थकेयर, सिक्योरिटी, लॉजिस्टिक्स-डिलीवरी और एग्री-बिजनेस जैसे क्षेत्रों में भर्ती होगी। मशीन ऑपरेटर, असेंबली ऑपरेटर, फिटर, वेल्डर, इलेक्ट्रिशियन, इलेक्ट्रिक मीटर टेक्नीशियन, मेंटेनेंस इलेक्ट्रिशियन, मैकेनिकल इंजीनियर और QA/QC इंस्पेक्टर जैसे तकनीकी पद शामिल हैं।

इसके अलावा सेल्स एग्जीक्यूटिव, सेल्स ऑफिसर, कंप्यूटर ऑपरेटर, कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव, टेलीकॉलर, रिलेशनशिप मैनेजर, नर्सिंग स्टाफ, केयरटेकर, सिक्योरिटी गार्ड, सिक्योरिटी सुपरवाइजर, ड्राइवर, डिलीवरी बॉय, बाइक राइडर और पिकर-पैकर के पदों पर भी भर्ती के अवसर मिलेंगे। विभिन्न ट्रेडों में अप्रेंटिस और ट्रेनी के पद भी उपलब्ध हैं।

सेक्टरवार देखें तो टेक्निकल और मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र में करीब 4,800 पद, लॉजिस्टिक्स एवं ट्रांसपोर्ट में लगभग 1,600, सिक्योरिटी में करीब 650 और हेल्थकेयर एवं केयर सर्विसेज में लगभग 580 पद शामिल हैं। रोजगार मेले में क्वेस कॉर्प, रैंडस्टैड इंडिया, सतलुज टेक्सटाइल्स, वर्धमान टेक्सटाइल्स, जेनस पावर इंफ्रास्ट्रक्चर, एयरटेल पेमेंट्स बैंक, इंस्टाकार्ट, स्पंदना स्फूर्ति फाइनेंशियल, स्वतंत्र माइक्रोफिन, एनआईआईटी, आइसेक्ट, शांता टेक्नो, राजत इक्विपमेंट्स और फर्स्ट फ्लाई कॉर्पोरेट सहित विभिन्न कंपनियां रिक्तियों के साथ शामिल होंगी।

रोजगार मेले के लिए ऑनलाइन आवेदन कैसे करें

अभ्यर्थी छत्तीसगढ़ ई-रोजगार पोर्टल erojgar.cg.gov.in पर उपलब्ध रिक्तियों की जानकारी देखकर अपनी योग्यता और रुचि के अनुसार आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए पहले पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कर प्रोफाइल अपडेट करनी होगी। इसके बाद पसंद के पद का चयन कर आवेदन करना होगा और प्रवेश पत्र डाउनलोड कर उसका प्रिंट निकालना होगा। अभ्यर्थियों की प्रोफाइल और ऑनलाइन आवेदन के आधार पर नियोजक शॉर्टलिस्टिंग और प्रारंभिक चयन भी कर सकेंगे।

रोजगार मेले में शामिल होने वाले युवाओं को प्रवेश पत्र, पहचान पत्र, शैक्षणिक एवं तकनीकी प्रमाण-पत्र, रोजगार पंजीयन कार्ड, बायोडाटा और पासपोर्ट साइज फोटो साथ लेकर जाना होगा। अनुभव प्रमाण-पत्र लागू होने पर उसे भी साथ रखना जरूरी होगा। अभ्यर्थियों को सभी दस्तावेजों की मूल प्रति और छायाप्रति साथ लाने की सलाह दी गई है।

8 अक्टूबर को मिलेगा ऑफर लेटर

रोजगार मेले के दूसरे दिन 8 अक्टूबर को चयनित अभ्यर्थियों को ऑफर लेटर वितरित किए जाने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसमें मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि होंगे, जबकि कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।

संचालक रोजगार एवं प्रशिक्षण हेमंत रमेश नंदनवार (आईएएस) ने बताया कि विभाग की ओर से अन्य प्रमुख उद्योगों और नियोजकों से भी लगातार संपर्क किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा सकें। रोजगार मेले में भाग लेने वाले उद्योग एवं नियोजक 7999385638 और 7000397968 पर संपर्क कर सकते हैं।

Related Articles

Back to top button