रायपुर में पुलिस कमिश्नरेट का नया कदम: ‘संकल्प सभागृह’ और 3 एसीपी यातायात कार्यालयों का हुआ उद्घाटन

रायपुर, 25 सितम्बर। शहर में यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और वीआईपी प्रोटोकॉल समन्वय को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने महत्वपूर्ण पहल की है। यातायात एवं प्रोटोकॉल कार्यालय परिसर में नवनिर्मित अत्याधुनिक मीटिंग रूम ‘संकल्प सभागृह’ और तीन सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) यातायात कार्यालयों का 25 सितंबर को विधिवत उद्घाटन किया गया। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने फीता काटकर इन सुविधाओं का शुभारंभ किया।
उद्घाटन कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले, पुलिस उपायुक्त क्राइम, पुलिस उपायुक्त ट्रैफिक एवं प्रोटोकॉल सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। उद्घाटन के बाद पुलिस कमिश्नर और वरिष्ठ अधिकारियों ने नवनिर्मित संकल्प सभागृह तथा एसीपी कार्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान वहां उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं और तकनीकी संसाधनों की जानकारी ली गई।
नवनिर्मित ‘संकल्प सभागृह’ को अत्याधुनिक ऑडियो-विजुअल सिस्टम और डिजिटल कनेक्टिविटी से सुसज्जित किया गया है। यह सभागृह यातायात व्यवस्था की दैनिक समीक्षा, आपातकालीन परिस्थितियों में रणनीति तैयार करने, वीआईपी मूवमेंट की ब्रीफिंग और पुलिस बल के प्रशिक्षण जैसे कार्यों के लिए एकीकृत केंद्र के रूप में उपयोग किया जाएगा। इससे अधिकारियों के बीच त्वरित संवाद और यातायात व्यवस्था की बेहतर मॉनिटरिंग में मदद मिलेगी।
इसके साथ ही यातायात एवं प्रोटोकॉल कार्यालय परिसर में दो एसीपी कार्यालय तथा आईटीएमएस परिसर में एक एसीपी कार्यालय स्थापित किया गया है। इन नए कार्यालयों का उद्देश्य प्रशासनिक विकेंद्रीकरण के साथ फील्ड ऑपरेशंस की निगरानी को मजबूत करना है। इससे यातायात से जुड़े मामलों में निर्णय लेने की प्रक्रिया तेज होने और आम नागरिकों की समस्याओं के निराकरण में गति आने की उम्मीद है।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि आधुनिक बुनियादी ढांचा पुलिसिंग की कार्यकुशलता बढ़ाने के साथ टीम भावना और त्वरित संवाद को भी मजबूत करता है। नई सुविधाओं के माध्यम से यातायात प्रबंधन, वीआईपी प्रोटोकॉल और फील्ड स्तर की निगरानी को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।




