डीएमएफ से बदली तानाखार स्कूल की तस्वीर, 45 साल पुराने जर्जर भवन से मिली मुक्ति

नए भवन में सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल, विद्यार्थियों की संख्या और पढ़ाई के प्रति उत्साह में हुआ इजाफा
कोरबा, 25 सितंबर 2026। जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) मद से कोरबा जिले के दूरस्थ क्षेत्रों में अधोसंरचना विकास के साथ शिक्षा सुविधाओं को भी मजबूत किया जा रहा है। पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के ग्राम पंचायत तानाखार में डीएमएफ मद से निर्मित नए माध्यमिक शाला भवन ने विद्यार्थियों को सुरक्षित और बेहतर अध्ययन का वातावरण उपलब्ध कराया है। करीब 45 वर्ष पुराने जर्जर भवन से अब बच्चों को मुक्ति मिल गई है और नए भवन में विद्यालय का संचालन शुरू हो चुका है।
पुराना स्कूल भवन लंबे समय से जर्जर स्थिति में था। बारिश के दिनों में छत से पानी टपकने, दीवारों में दरार और फर्श में सीलन जैसी समस्याओं के कारण विद्यार्थियों और शिक्षकों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। विद्यालय में लंबे समय से 200 से अधिक विद्यार्थियों की दर्ज संख्या रही है। भवन की खराब स्थिति को देखते हुए शाला स्टाफ और क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों द्वारा नए भवन की मांग लगातार की जा रही थी।
बच्चों की सुरक्षा और पढ़ाई के लिए अनुकूल वातावरण को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने करीब दो वर्ष पहले डीएमएफ मद से नए भवन के निर्माण की स्वीकृति दी थी। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद अब माध्यमिक शाला नए भवन में संचालित हो रही है। विद्यालय परिसर में कक्षाओं के साथ स्टाफ रूम, प्रधानपाठक कार्यालय, हॉल, खेल मैदान, बाउंड्रीवाल, शौचालय और किचन शेड जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इससे विद्यार्थियों और शिक्षकों को विद्यालयीन गतिविधियों के लिए व्यवस्थित वातावरण मिला है।
प्रधानपाठक जयन्ती सिरसो ने बताया कि पुराने भवन में बारिश के दौरान छत से पानी टपकने के साथ दीवारों में दरार और फर्श में सीलन की समस्या रहती थी। ऐसे माहौल में बच्चों को पढ़ाना चुनौतीपूर्ण था। नए भवन में पर्याप्त और व्यवस्थित कक्षाएं मिलने के साथ स्टाफ रूम, प्रधानपाठक कार्यालय, हॉल, शौचालय, किचन शेड और खेल मैदान जैसी सुविधाएं मिली हैं। इससे विद्यालय की व्यवस्था बेहतर हुई है और बच्चों में पढ़ाई के प्रति उत्साह बढ़ा है। पालक भी विद्यालय की सुविधाओं को लेकर संतुष्ट हैं। उन्होंने बताया कि विद्यालय की दर्ज संख्या में भी वृद्धि हुई है और पर्याप्त शिक्षकों की उपलब्धता से पढ़ाई का स्तर बेहतर हुआ है।
नए भवन में पहुंचने के बाद विद्यार्थियों के लिए विद्यालय का वातावरण अधिक सुविधाजनक हुआ है। बेहतर कक्षाओं में पढ़ाई के साथ बच्चे खेल और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों में भी उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। शाला प्रबंधन समिति के सदस्यों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने नए भवन को विद्यालय के लिए महत्वपूर्ण सुविधा बताया है।
जिला प्रशासन द्वारा डीएमएफ के माध्यम से जिले में अधोसंरचना और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए विभिन्न कार्य किए जा रहे हैं। जर्जर आंगनबाड़ी केंद्रों, विद्यालय भवनों, स्वास्थ्य केंद्रों, आश्रम-छात्रावासों, पुल-पुलिया और सड़कों सहित आवश्यक विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। तानाखार माध्यमिक शाला के शाला प्रबंधन समिति के सदस्यों, प्रधानपाठक, स्टाफ और विद्यार्थियों ने नया भवन उपलब्ध कराने तथा बेहतर शैक्षणिक वातावरण देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है।




