Business

लॉन्च के कुछ ही महीनों में BMW की धांसू बाइक हुई महंगी, खरीदने से पहले अब जानें नई कीमत

BMW Motorrad ने अपनी एडवेंचर बाइक F 450 GS की कीमत लॉन्च के सिर्फ पांच महीने बाद ही बढ़ा दी है. कंपनी ने इसके अलग-अलग वेरिएंट की कीमत में 25,000 से 30,000 रुपये तक की बढ़ोतरी की है. यानी अगर आप इस बाइक को खरीदने का प्लान बना रहे हैं तो अब आपको पहले से ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे.

कीमत बढ़ने की वजह बढ़ती लागत और बाइक की बढ़ती मांग को माना जा रहा है. हालांकि, कंपनी ने कीमत बढ़ाने के साथ बाइक में कोई नया फीचर या मैकेनिकल बदलाव नहीं किया है.

अब कितनी हो गई BMW F 450 GS की कीमत?
BMW F 450 GS तीन वेरिएंट में आती है. इसका बेस वेरिएंट लॉन्च के समय 4.70 लाख रुपये एक्स-शोरूम में मिलता था. अब इसकी कीमत 25,000 रुपये बढ़ाकर 4.95 लाख रुपये कर दी गई है.

इसके बाद Exclusive वेरिएंट आता है. इसकी पुरानी कीमत 4.90 लाख रुपये थी. अब इसमें भी 25,000 रुपये की बढ़ोतरी हुई है और नई कीमत 5.15 लाख रुपये हो गई है. सबसे महंगा GS Trophy वेरिएंट है. इसकी कीमत में सबसे ज्यादा 30,000 रुपये का इजाफा हुआ है. पहले यह 5.30 लाख रुपये में आता था, लेकिन अब इसकी कीमत 5.60 लाख रुपये एक्स-शोरूम हो गई है.

भारत में बनती है और विदेश भी जाती है
BMW F 450 GS को भारत में ही बनाया जाता है. इसका प्रोडक्शन कंपनी के चेन्नई प्लांट में होता है. भारत में तैयार होने के बाद इस बाइक को यूरोप समेत कई दूसरे देशों में भी भेजा जाता है. वैश्विक बाजार में 500cc से कम इंजन वाली एडवेंचर बाइक्स की मांग बढ़ रही है. ऐसे में ज्यादा मांग, सप्लाई से जुड़ी चुनौतियां और बढ़ती प्रोडक्शन लागत को कीमत बढ़ने की बड़ी वजह माना जा रहा है.

बाइक में नहीं हुआ कोई बड़ा बदलाव
कीमत बढ़ने के बावजूद BMW ने F 450 GS के इंजन या फीचर्स में कोई बदलाव नहीं किया है. बाइक में पहले की तरह 420cc का पैरेलल-ट्विन इंजन मिलता है. यह इंजन 48hp की पावर और 43Nm का टॉर्क देता है. इसके साथ 6-स्पीड गियरबॉक्स दिया गया है. बाइक में Rain, Road और Enduro जैसे राइडिंग मोड मिलते हैं. इनके जरिए सड़क और अलग-अलग तरह की सतह के हिसाब से बाइक का थ्रॉटल रिस्पॉन्स, ट्रैक्शन कंट्रोल और ABS बदला जा सकता है.

मिलते हैं कई काम के फीचर्स
F 450 GS में स्टील ट्यूब फ्रेम और स्टील ट्यूब सब-फ्रेम दिया गया है. आगे 43mm USD फोर्क और पीछे मोनोशॉक सस्पेंशन मिलता है. दोनों पहियों में डिस्क ब्रेक दिए गए हैं.सुरक्षा और कंट्रोल के लिए ABS Pro, राइड-बाय-वायर, एंटी-हॉपिंग क्लच, डायनेमिक ट्रैक्शन कंट्रोल और डायनेमिक इंजन ब्रेक कंट्रोल जैसे फीचर्स मिलते हैं.

बाइक में 6.5 इंच का कलर TFT डिस्प्ले है, जिसमें ब्लूटूथ कनेक्टिविटी मिलती है. इसके अलावा हीटेड ग्रिप्स, USB Type-C पोर्ट और एडजस्टेबल लीवर भी दिए गए हैं. बेस और Exclusive मॉडल Cosmic Black कलर में आते हैं, जबकि GS Trophy को Racing Blue कलर में खरीदा जा सकता है. Trophy वेरिएंट में सफेद हैंड प्रोटेक्शन, टिंटेड रैली विंडस्क्रीन, सफेद चेसिस एक्सेंट और एल्युमिनियम इंजन गार्ड जैसे अतिरिक्त बदलाव मिलते हैं. कीमत बढ़ने के बाद F 450 GS अब मिड-साइज एडवेंचर बाइक सेगमेंट में पहले से ज्यादा प्रीमियम हो गई है.

Related Articles

Back to top button