बैल ने मचाया आतंक तो लोगों ने पकड़कर पहुंचाया थाना, FIR दर्ज करने की मांग

धमतरी, 13 सितम्बर 2026। छत्तीसगढ़ के धमतरी में आवारा मवेशियों की समस्या से परेशान लोगों का गुस्सा उस समय अनोखे अंदाज में सामने आया, जब सुंदरगंज वार्ड के लोग एक बेकाबू बैल को पकड़कर कोतवाली थाना पहुंच गए। लोगों ने पुलिस से बैल के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार करने की मांग कर दी। बैल को थाने में देखकर पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए।
दरअसल, धमतरी शहर में आवारा मवेशियों की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद नगर निगम की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। इसी बीच सुंदरगंज वार्ड में पिछले कई दिनों से एक बेकाबू बैल ने लोगों की परेशानी बढ़ा रखी थी। बताया जा रहा है कि बैल अब तक तीन लोगों को घायल कर चुका है।
इसी दौरान बैल ने धमतरी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गौतम वाधवानी के घर में भी उत्पात मचाया। घटना में उनके पिता घायल हो गए। इसके बाद वार्ड के लोगों का गुस्सा और बढ़ गया।
नगर निगम में शिकायत के बाद भी समस्या का समाधान नहीं होने पर लोगों ने खुद ही बैल को पकड़ने का फैसला किया। उन्होंने बैल को रस्सी से बांधा और एक वाहन में लादकर सीधे कोतवाली थाना पहुंच गए। वहां पुलिस के सामने बैल को पेश करते हुए उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और उसे गिरफ्तार करने की मांग की।
बैल को लेकर थाने पहुंचे लोगों को देखकर पुलिसकर्मी भी कुछ देर के लिए हैरान रह गए। पुलिस ने लोगों को समझाइश देते हुए बताया कि आवारा मवेशियों से संबंधित कार्रवाई नगर निगम के स्तर पर की जाती है। इसके बाद लोगों ने बैल को अपने वाहन से कांजी हाउस पहुंचा दिया।
फिलहाल, मामले को लेकर नगर निगम की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। हालांकि, इस घटना ने शहर में आवारा मवेशियों की समस्या और उससे लोगों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।




