Chhattisgarh

सोशल मीडिया पर फोटो वायरल करने की धमकी से विवाद, दोस्त की पिटाई के 15 दिन बाद बुजुर्ग की मौत

कोरबा। घर की दहलीज पर दोस्तों के साथ शराब पीते समय फोटो खींचे जाने और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक बुजुर्ग की जान चली गई। आरोप है कि शराब के नशे में उसके दोस्त ने डंडे से हमला करने के बाद लात-मुक्कों से उसकी जमकर पिटाई की। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग ने करीब 15 दिन तक अस्पताल में उपचार के बाद मंगलवार शाम दम तोड़ दिया। घटना जटगा पुलिस चौकी क्षेत्र के महगवां डांड जटगा गांव की है।

मृतक की पहचान 64 वर्षीय प्रसाद सिंह नेटी के रूप में हुई है। वह अपनी पत्नी जुरान बाई के साथ गांव में रहता था। पुलिस के अनुसार, घटना 18 अगस्त की रात करीब 9 बजे की है। घटना के समय उसकी पत्नी मायके गई हुई थी और प्रसाद घर पर अकेला था। इसी दौरान उसके दोस्त हीरासिंह नेटी और समारू उर्फ बबलू नेटी उसके घर पहुंचे। तीनों घर की दहलीज पर बैठकर मछली के साथ महुआ शराब पी रहे थे।

इसी दौरान गांव का युवक राहुल नेटी वहां से गुजरा। उसने तीनों को शराब पीते हुए देखा और मोबाइल से उनका फोटो खींच लिया। इसके बाद फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने की बात कहकर वह वहां से चला गया। यह बात समारू उर्फ बबलू को नागवार गुजरी। उसने प्रसाद पर राहुल को बुलाकर फोटो खिंचवाने का आरोप लगाया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।

विवाद बढ़ने पर समारू ने घर में रखे डंडे से प्रसाद पर हमला कर दिया। आरोप है कि उसने डंडा टूटने तक प्रसाद की पिटाई की और इसके बाद उसे जमीन पर पटककर लात-मुक्कों से भी मारा। बीच-बचाव करने पहुंचे हीरासिंह के साथ भी आरोपी ने मारपीट की। इसके बाद हीरासिंह वहां से भागकर अपने घर पहुंचा और ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी।

मारपीट में गंभीर रूप से घायल प्रसाद पूरी रात घर में ही पड़ा रहा। अगले दिन ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिलने पर उसे पौड़ी उपरोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल, कोरबा रेफर कर दिया।

करीब 15 दिनों तक अस्पताल में उपचार चलने के बाद मंगलवार शाम प्रसाद सिंह ने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर अस्पताल पुलिस ने मेमो के आधार पर पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले में पुलिस आरोपी समारू उर्फ बबलू नेटी की तलाश कर रही है।

Related Articles

Back to top button