जांजगीर-चांपा में नाबालिग से अनाचार के आरोपी की त्वरित गिरफ्तारी, न्यायिक रिमांड पर भेजा

जांजगीर-चांपा । जिले में नाबालिग बालिका से अनाचार के मामले में थाना अजाक पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक, शिकायत मिलने के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी की पतासाजी कर उसे हिरासत में लिया गया। आरोपी की पहचान रजत दीवान के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने थाना अजाक में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी रजत दीवान ने पहले उससे जान-पहचान बढ़ाई। इसके बाद आरोपी ने नाबालिग बालिका के साथ जबरन अनाचार किया। पीड़िता द्वारा विरोध किए जाने पर आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। शिकायत मिलने के बाद थाना अजाक पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय IPS के निर्देशन में डीएसपी अजाक सतरूपा तारम ने तत्काल पुलिस टीम को आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने थाना अकलतरा क्षेत्र में आरोपी रजत दीवान की तलाश शुरू की और कुछ ही समय में उसे पकड़ लिया।
पुलिस द्वारा पूछताछ के दौरान आरोपी से घटना के संबंध में जानकारी ली गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में डीएसपी अजाक सतरूपा तारम के नेतृत्व में निरीक्षक कमलेश कुमार सेन्डे और थाना अजाक स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने मामले में आगे की विवेचना जारी रखी है।




