शादी का झांसा देकर अनाचार के मामले में आरोपी को पुलिस ने उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा, 14 अगस्त। जिले में अनाचार के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर पीड़िता को शादी का झांसा देकर उसके साथ जबरन अनाचार करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आज न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार पीड़िता की आरोपी सुरेंद्र राजभर से काम करने के दौरान पहचान हुई थी। इसके बाद आरोपी ने पीड़िता से दोस्ती कर नजदीकियां बढ़ाईं और शादी करने का झांसा दिया। आरोप है कि पीड़िता के मना करने के बावजूद आरोपी ने उसके साथ अनाचार किया। कुछ समय बाद पीड़िता अपने घर वापस आ गई।
इसके बाद भी आरोपी जांजगीर-चांपा क्षेत्र में आया और पीड़िता को मिलने के लिए बुलाया। आरोपी ने दोबारा शादी करने का भरोसा दिया और पीड़िता के विरोध के बावजूद उसके साथ जबरन अनाचार किया। पीड़िता द्वारा शादी के लिए कहने पर आरोपी टालमटोल करने लगा। इसके बाद उसने अपना मोबाइल बंद कर लिया और उत्तर प्रदेश भाग गया।
पीड़िता की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जानकारी पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (IPS), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलेंडेन यॉर्क और CSP कोतवाली योगिता बाली खापर्डे को दी गई। वरिष्ठ अधिकारियों ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
निर्देश के पालन में सिटी कोतवाली पुलिस की टीम आरोपी की तलाश में उत्तर प्रदेश रवाना हुई। पुलिस टीम ने आरोपी के बताए गए ठिकाने पर दबिश दी, जहां वह मिल गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सुरेंद्र राजभर बताया। पुलिस के अनुसार, घटना के संबंध में पूछताछ करने पर आरोपी ने पीड़िता को शादी का झांसा देकर और डराने-धमकाने के आरोपों को स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुरेंद्र राजभर, पिता रामलाल राजभर, उम्र 24 वर्ष, निवासी आजमगढ़, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, थाना प्रभारी सिटी कोतवाली, उप निरीक्षक उमेंद्र मिश्रा, आरक्षक प्रकाश राठौर, महिला आरक्षक संतुका और विनोद राठौर का विशेष योगदान रहा।





